संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। निपुण हरियाणा के तहत विद्यार्थियों की दक्षता बढ़ाने के लिए निपुण प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों की पढ़ाई क्षमता का आंकलन किया जाएगा।
प्रतियोगिता को रफ्तार नाम दिया गया है। इसमें कक्षा 1 से 5 तक के छात्र हिस्सा लेंगे। इसको लेकर हरियाणा स्कूल शिक्षा परियोजना परिषद के सहायक निदेशक ने डीईओ, डीईईओ व जिला निपुण समन्वयकों को दिशानिर्देश जारी किया है। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों के साथ ही निपुण अध्यापकों का चयन किया जाएगा। जिले के प्राथमिक विद्यालयों में निपुण हरियाणा मिशन कार्यक्रम के तहत बुनियादी साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएनएल) पर कार्य किया जा रहा है। इसमें मौखिक भाषा, पढ़ना लिखना, और संख्याओं से जुड़ी जानकारी शामिल है। एफएलएन जिला समन्वयक चरण सिंह ने बताया कि प्राथमिक कक्षाओं में बच्चे जो पढ़ना सीखते हैं, वह उन्हें आगे चलकर सीखने के लिए पढ़ने में सक्षम बनाता है। इसी को देखते हुए राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप पाठ्यक्रम में रफ्तार योजना को शुरू किया गया है।
इस प्रतियोगिता में भाग लेने के लिए प्रत्येक स्कूल कम से कम 3 छात्रों को नामांकित करेगा जो कि कलस्टर (कई विद्यालयों का समूह) स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेंगे। छात्रों का चयन स्कूल स्तरीय प्रतियोगिता आयोजित करके किया जाएगा। कलस्टर पर होने वाली यह प्रतियोगिता एक सप्ताह तक चलेगी। इसमें छात्रों को 30 शब्दों सही उच्चारण और अर्थ के साथ पढ़ना व बोलना होगा।
इस कार्यक्रम के तहत कक्षा वार प्रतियोगिताओं का आयोजन स्कूल स्तर से लेकर राज्य स्तर तक किया जाएगा। जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले छात्रों को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए जाएंगे। इस प्रतियोगिता में शिक्षकों को भी कलस्टर स्तर पर प्रतिभाग करने का अवसर दिया जाएगा।
मूल्यांकन और विशेषज्ञ समिति गठित
रफ्तार के तहत होने वाली प्रतियोगिताओं में मूल्यांकन और विशेषज्ञ समिति के साथ ही आयोजन समिति का गठन किया जाएगा। इसमें कलस्टर स्तर पर 2 पीजीटी हिंदी, 2 टीजीटी हिंदी, 2 पीआरटी, एक एबीआरटी मिलाकर कुल 7 सदस्य, ब्लाक स्तर पर बीईओ, बीआरसी अध्यक्ष के साथ ब्लाक के सभी बीआरपी, एबीआरपी, 3 पीजीटी, 3 टीजीटी मिलाकर 10 से 12 सदस्य, जिला स्तर पर डाइट प्रधान सहित वरिष्ठ व्याख्याता विषय विशेषज्ञ, 3 टीजीटी हिंदी सदस्य व राज्य स्तर एससीईआरटी निदेशालय अध्यक्ष व विषय विशेषज्ञ एससीईआरटी डीईईओ पंचकूला सदस्य मूल्यांकन व विशेषज्ञ समिति को शामिल किया जाएगा।
इस प्रकार होगी प्रतियोगिताएं
विद्यालय स्तर16 सितंबर से 22 सितंबर
कलस्टर स्तर 23 सितंबर से 29 सितंबर
खंड स्तर 8 अक्तूबर से 14 अक्तूबर
जिला स्तर 14 अक्तूबर से 20 अक्तूबर
राज्य स्तर 20 अक्तूबर से 27 अक्तूबर
-
वर्जन:
निपुण हरियाणा योजना के तहत बच्चों के पठन-पाठन का प्रवाह जानने के लिए रफ्तार प्रतियोगिताओं की शुरुआत की गई है। इसके तहत स्कूल स्तर से राज्य स्तर तक प्रतियोगिता होगी। इसमें छात्र को पढ़ने के लिए दिए जाने वाले पाठ में उसके पठन प्रवाह की स्थिति जांची जाएगी।- चरण सिंह, एफएलएन जिला समन्वयक रेवाड़ी।