रेवाड़ी। जिला बाल कल्याण परिषद और शिक्षा विभाग ने संयुक्त रूप से नशा मुक्त भारत अभियान चलाते हुए सोमवार को गांव कंवाली के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों के साथ जागरूकता रैली निकाली गई। जिसे प्राचार्य मिथलेश ने परिषद की कार्यक्रम अधिकारी पिंकी दलाल के साथ झंडी दिखाई। इस रैली के माध्यम से विद्यार्थियों ने आमजन को नशे से दूर रहने का आह्वान किया।
प्राचार्य मिथलेश ने कहा कि बच्चे व युवा देश का भविष्य हैं। बच्चों व युवाओं में नशे का प्रचलन समाज व देश के लिए चिंतनीय है। उन्होंने कहा कि नशे से जहां व्यक्ति का शरीर बीमार पड़ जाता है, वहीं इससे आर्थिक हानि भी होती है। उन्होंने युवकों को नशे से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों पर ध्यान देना चाहिए कि कहीं वह गलत संगत में तो नहीं पड़ रहा। उन्होंने आह्वान किया कि हम सब मिलकर आजादी के अमृत महोत्सव में नशे से दूर एवं आजाद होने का संकल्प लें। कार्यक्रम अधिकारी पिंकी दलाल ने कहा कि नशा समाज के लिए हानिकारक है, विशेषकर युवा पीढ़ी को नशे से दूर रहते हुए दूसरे लोगों को इससे होने दुष्प्रभाव की जानकारी देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरियाणा राज्य बाल कल्याण परिषद की रेवाड़ी शाखा की ओर से संचालित नशा मुक्ति पुनर्वास केंद्र में शराब, अफीम, गांजा के नशे की लत से परेशान व्यक्तियों का नि:शुल्क इलाज किया जाता है। रैली के मौके पर नशा मुक्ति केंद्र के प्रबंधक महेश कुमार, मनोवैज्ञानिक कुमारी संदीप अरोड़ा ने उपस्थित लोगों को नशा न करने की शपथ दिलाई।