रेवाड़ी। गांव बीकानेर स्थित राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में प्री वोकेशनल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इसके अंतर्गत विद्यार्थियों ने मिट्टी के बर्तन बनाने की विधि जानी। प्राचार्य मनोज कुमार ने बताया कि नई शिक्षा नीति 2020 के तहत राजकीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में कुशल बनाने के लिए कक्षा 6 से ही प्री वोकेशनल शिक्षा प्रदान की जाएगी। जिससे कि विद्यार्थी अपनी पसंद के कोर्स में प्रवेश ले सकें।
कार्यक्रम प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि प्री वोकेशनल कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को विभिन्न कौशलों की सामान्य जानकारी देनी है। उन्होंने बताया कि फ्री वोकेशनल एक्सपोजर कार्यक्रम में आईटी, ब्यूटी एंड वेलनेस, हेल्थ केयर, बैंकिंग एंड फाइनेंस, ऑटोमोबाइल्स, एग्रीकल्चर, फूड प्रोसेसिंग पेपर वर्क, परिधान, मीडिया इंटरटेनमेंट एंड एनीमेशन, प्लंबिंग, पावर, टेलीकॉम सहित विभिन्न हस्तकलाओं और कौशलों की बेसिक जानकारी प्रदान की जाएगी। इस क्रम में विद्यार्थियों ने आज मिट्टी के बर्तन बनाने की विधि के बारे में जानकारी प्राप्त की। महेश कुमार प्रजापति ने मिट्टी के बर्तन बनाने की विधि को विस्तार से समझाया। उन्होंने मिट्टी का चयन करने, मिट्टी को तैयार करने, भिगोने, बर्तन को आकार देने, सुखाने, पकाने तक की प्रक्रिया को विस्तार से बताया। विद्यार्थियों ने भी जिज्ञासा से भरे कई प्रश्न पूछे। इस कार्यक्रम में अध्यापक रविंद्र कुमार सैनी, नरेंद्र कुमार, मंजू लता, पूनम देवी, भतेरी देवी, पूजा बाई सहित तमाम विद्यार्थियों ने भाग लिया।