संतोष कॉलोनी में रहने वाले पंजाब के एक युवक को क्रेडिट कार्ड का वार्षिक चार्ज बंद करने का झांसा देकर साइबर ठगों ने 50 हजार रुपये ठग लिए। मोबाइल पर बैंक खाते से नकदी निकलने का पता लगने के बाद पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी है। धारूहेड़ा थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के फिरोजपुर के रहने वाले विश्वजीत ने कहा है कि वह वर्तमान में धारूहेड़ा की संतोष कॉलोनी में रहते है। उन्होंने कुछ दिन पहले आईसीआईसीआई बैंक का क्रेडिट कार्ड बनवाया था। कुछ दिन पहले ही उन्हें क्रेडिट कार्ड मिला था। 20 जुलाई को उनके पास एक व्यक्ति का फोन आया, जिसने बताया कि वह क्रेडिट कार्ड विभाग से बोल रहा है। फोन करने वाले ने क्रेडिट कार्ड मिलने के बारे में पूछा। उन्होंने कार्ड मिलने के बारे में बताया। फोन करने वाले ने बताया कि उनके क्रेडिट कार्ड पर प्रोटेक्शन ऑन है और इसका वार्षिक चार्ज 2499 रुपये लगेगा। विश्वजीत ने प्लान को बंद करने के लिए कहा तो साइबर ठग ने उनसे क्रेडिट कार्ड की यूजर आईडी और मोबाइल पर आया वन टाइम पासवर्ड मांगा। यूजर आईडी और ओटीपी लेने के बाद शातिर ने बताया कि उसने प्लान बंद कर दिया है और उन्हें अब 24 घंटे तक क्रेडिट कार्ड का प्रयोग नहीं करना है। विश्वजीत ने 25 जुलाई को अपना मोबाइल देखा तो उस पर बैंक खाते से 50 हजार रुपये निकलने का मैसेज आया हुआ था। धारूहेड़ा थाना पुलिस ने ठगी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है।