रेवाड़ी। गांव डवाना में जमीन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच लाठियां चलीं। इसमें दोनों पक्षों के वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए। ग्रामीणों ने फायरिंग करने के भी आरोप लगाया है। मामले में किसी पक्ष ने देर शाम तक पुलिस चौकी में शिकायत नहीं की थी।
ग्रामीण भूपसिंह ने बताया कि गांव में एक जमीन पर वह दशकों से काबिज चले आ रहे हैं। यह जमीन राजपूत समाज के लोगों के पास है। जमीन के मालिकाना हक को लेकर कोर्ट में केस चल रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र के एक नेता का समर्थक रविवार दोपहर को जमीन पर कब्जा करने के लिए आया। उसके साथ दर्जनभर कई वाहनों में आए थे। ग्रामीणों की सूचना पर कसोला पुलिस भी मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी बुलाया था। जिस दौरान वह पुलिस चौकी में गए, पीछे से बाहर से आए लोगों ने जमीन पर ट्रैक्टर चलाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने उनका विरोध किया तो उन्होंने पहले फायरिंग की। इसके बाद लाठी-डंडों से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने भी जवाबी हमला करते हुए कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए। इसके बाद भारी संख्या में पुलिस बल गांव में पहुंच गया। बताया गया है कि कब्जा करने वाले व्यक्ति ने अपने राजनीतिक प्रभाव का इस्तेमाल किया, जिस कारण पुलिस भी बेबस बनी रही। दोनों गुटों में हुए खूनी संघर्ष में कई लोगों के घायल होने की सूचना है, जिन्हें उपचार के लिए अस्पतालों में दाखिल कराया गया है।
-
वर्जन:
डवाना गांव में जमीनी विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच मारपीट करने का मामला सामने आया है। अभी मामले में दोनों पक्षों की ओर से शिकायत नहीं मिली है। शिकायत मिलने बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।-मनोज कुमार, प्रभारी, कसौला थाना