संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। माजरा श्योराज स्कूल की छात्रा की खुदकुशी के मामले में पुलिस ने शुक्रवार को स्कूल की कुछ छात्राओं को जांच में शामिल कर मजिस्ट्रेट के सामने उनके बयान दर्ज कराए। वीरवार को ग्रामीणों व विद्यार्थियों के प्रदर्शन के बाद पुलिस की जांच में तेजी आई है। वहीं पीड़ित परिवार को मामले में न्याय मिलने की उम्मीद बंधी है। हालांकि अभी तक न तो स्टाफ को बदला गया है और न ही मृतक छात्रा के गांव के विद्यार्थियों ने स्कूल जाना शुरू किया है।
11 अगस्त को माजरा श्योराज स्कूल की 12वीं कक्षा की छात्रा ने स्कूल के कमरे में ही फंदे से लटक कर जान दे दी थी। इसके बाद से ही मृतक छात्रा के गांव के करीब 70 विद्यार्थियों ने स्कूल जाना बंद कर दिया है। विद्यार्थी व अभिभावक घटना के बाद से ही स्कूल के स्टाफ को बदलने जाने की मांग कर रहा है। इसके अलावा ग्रामीणों की मांग है कि प्रिंसिपल को भी गिरफ्तार किया जाए। लेकिन न तो प्रिंसिपल की ही गिरफ्तारी हुई है और न ही स्टाफ को बदला गया है। इसके विरोध में वीरवार को ग्रामीणों ने गांव के सभी विद्यार्थियों के साथ मिलकर शहर में प्रदर्शन के साथ ही लघु सचिवालय व पुलिस थाना में जमकर बवाल काटा था। इसके बाद मामले की जांच डीएसपी पवन कुमार को सौंपी दी गई थी। शुक्रवार को पुलिस ने मामले की जांच में तेजी लाते हुए मृतक छात्रा के गांव की कुछ छात्राओं के मजिस्ट्रेट के सामने बयान दर्ज कराए हैं।