रेवाड़ी। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को एक दिवसीय दौरे पर रेवाड़ी पहुंचे। चौटाला ने रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (डब्ल्यूएफआई) को लेकर छिड़े विवाद पर कहा कि खेल और राजनीति को एक दूसरे से दूर रखना चाहिए। तभी खेल का भविष्य संवरेगा। केंद्र सरकार ने भी डब्ल्यूएफआई की नई बॉडी को सस्पेंड कर दिया है। वहीं महिला पहलवानों के आरोपों पर दिल्ली पुलिस अपनी कार्रवाई कर रही है।
दुष्यंत चौटाला ने बावल विधानसभा क्षेत्र के गांव तिहाड़ा, प्राणपुर और आसलवास में कार्यकर्ताओं के साथ मीटिंग करने के बाद जनसभा की। कहा कि अगले 10 महीनों में संगठन को मजबूत करना है। 4 सालों में बहुत काम किए हैं और अब उन कामों का प्रचार करना कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है। कहा कि पहले गली और नाली से ऊपर कोई बात नहीं करता था। चौटाला ने 2024 में गठबंधन या अलग चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि ये तो भविष्य के गर्भ में हैं, लेकिन तैयारी करना कोई गलत बात नहीं है। वह भी 10 लोकसभा और 90 विधानसभा सीट पर तैयारी कर रहे हैं और पार्टी भी।
2 मिनट में बन जाता है पीला कार्ड
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि कांग्रेस के राज में फसल खराब होती थी, तो किसानों को एसडीएम कार्यालयों के चक्कर काटने पड़ते थे, लेकिन अब किसान फोटो खींचकर फोन के माध्यम से क्षतिपूर्ति पोर्टल पर डाल देते हैं। पहले पीला राशन कार्ड बनवाने के लिए फाइलों का ढेर लग जाता था। कई महीनों तक लोग भटकते रहते थे, फिर भी पीला राशन कार्ड नहीं बनता था। आज अगर परिवार की आय एक लाख 80 हजार है तो गांव के एक सीएचसी सेंटर में जाना होता है और 2 मिनट में कार्ड बन जाता है। इसी तरह बुढ़ापा पेंशन के लिए अप्रोच लगानी पड़ती थी। फर्द निकलवाने के लिए कई दिन लग जाते थे। आज ये काम आसानी से हो रहे है।