संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। जिले के 642 सरकारी स्कूलों की स्कूल प्रबंधन कमेटी (एसएमसी) को शिक्षा विभाग की ओर से प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस बार प्रशिक्षण देने के लिए विशेष शिक्षक भेजे जाएंगे, जो जिलास्तरीय अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर प्रशिक्षण देंगे।
विभाग की ओर से जारी पत्र के मुताबिक प्रशिक्षण 16 से 31 अक्तूबर तक चलेगा। एसएमसी प्रशिक्षण को लेकर निदेशालय की ओर से सभी जिला शिक्षा अधिकारी, जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी, जिला परियोजना संयोजक, खंड शिक्षा अधिकारी और बीआरसी को पत्र जारी किया गया है। प्रसिक्षण का उद्देश्य सभी स्कूल प्रबंधन समिति को मजबूत करना है। विभाग ने राजकीय स्कूलों का शिक्षा स्तर सुधारने और बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश भी दिए हैं। इसके लिए एसएमसी व स्कूल प्रबंधन को मिलकर काम करना होगा। सहयोग की भावना को बढ़ावा देने के लिए एसएमसी को प्रशिक्षण दिया जाना है। इसका उद्देश्य एसएमसी सदस्यों और जिला एवं राज्य अधिकारियों के बीच सीधी बातचीत की सुविधा प्रदान करना है।
विद्यालय की सहूलियत के अनुसार प्रशिक्षण का शेड्यूल बनाया जा सकता है। इसके लिए एबीआरसी व बीआरपी की भूमिका रहेगी। वह मुखिया से बातचीत के बाद शेड्यूल बनाकर देंगे। प्रशिक्षण के लिए 1500 रुपये का बजट तय किया गया है। अधिकारी ट्रेनिंग का निरीक्षण भी करेंगे।
प्रधानों के सामने रखे जाएंगे एसएमसी के बेहतर उदाहरण
दूसरे जिलों की एसएमसी के बेहतर उदाहरण प्रधानों के सामने रखे जाएंगे, ताकि प्रधान उनसे प्रेरणा लेकर बेहतर करने की कोशिश करें। विद्यार्थियों के सीखने के परिणामों को बेहतर बनाना व एसएमएसी बैठकों को सक्रिय बनाने का प्रशिक्षण दिया जाएगा। एसएमसी का उपयोग, आत्मजागरूकता का निर्माण के साथ टीम वर्क करने और विद्यांजलि पोर्टल का उपयोग करने का भी प्रशिक्षण दिया जाएगा।
-
वर्जन:
प्रशिक्षण का उद्देश्य सभी स्कूल प्रबंधन समिति को मजबूत करना है। राजकीय स्कूलों में शिक्षा का स्तर सुधारने और विद्यार्थियों को बेहतर सुविधाएं देने के निर्देश दिए गए हैं। इसके लिए एसएमसी व स्कूल प्रबंधन को मिलकर काम करना होगा।-कपिल पूनिया, जिला शिक्षा अधिकारी रेवाड़ी।