रेवाड़ी डिपो की रोडवेज बस में लगी आग को बुझाते कर्मी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। रेवाड़ी डिपो से कोटकासिम के लिए रवाना हुई रोडवेज बस में जिला मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर अचानक शॉर्ट सर्किट की वजह से चिंगारी दिखाई दी और बाद में सारी बस में धुआं फैल गया। इस पर चालक-परिचालक ने अपनी सूझ-बूझ से सभी सवारियों को बस से सुरक्षित उतारा और दूसरी बस में रवाना कर दिया। बाद में इस बस को रोडवेज कर्मशाला में लाया गया और तकनीकी खराबी को दूर करके शाम को इसे जयपुर भेजा गया। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने इसे साधारण घटना बताया है। एक यात्री ने बताया कि इस बस के सूझवान चालक - परिचालक ने जल्द स्थिति को संभालते हुए सभी सवारियों और उनके सामान को जल्द बस से बाहर निकाला और उसके बाद डिपो में सूचना देकर सभी सवारियों को दूसरी बस में रवाना किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस में इस घटना के बाद धुआं फैल गया था। रेवाड़ी डिपो के ड्यूटी इंचार्ज सतीश लखेरा ने कहा कि बस में शॉर्ट सर्किट हो जाता है। इंजन में गर्म होने के बाद स्पार्किंग या धुआं उठना आम बात है। यह बस कोटकासिम जा रही थी। चालक परिचालक ने इस घटना के बाद सवारियों को पूरी जिम्मेदारी के साथ बस से बाहर निकालकर उन्हें दूसरी बस से उनके गंतव्य तक भिजवा दिया। सवारियों को भी ऐसी स्थिति में चालक-परिचालक का सहयोग करना चाहिए।