डहीना। श्री अयोध्या धाम में 22 जनवरी को रामलला की प्राण प्रतिष्ठा से पहले देशभर के मंदिरों, धार्मिक स्थलों, तीर्थस्थलों में 14 जनवरी से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है।
अभियान के तहत सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने प्रभु श्रीराम के दिव्य दर्शन से दिन की शुरुआत करते हुए मकर संक्रांति के अवसर पर रविवार को बलवाड़ी स्थित श्री सीता राम मंदिर बलवाड़ी धाम में पहुंचे। उन्होंने मंदिर परिसर में झाड़ू-पौछा लगाकर और साफ-सफाई करते हुए श्रमदान किया। साथ ही मंदिर परिसर में बनी गौशाला में गौ माता को गुड़ खिलाकर आशीर्वाद लिया।
उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की शुभकामनाएं देते हुए आह्वान किया कि आप सभी भी आज से श्री अयोध्या धाम में श्री रामलला मूर्ति की प्राण-प्रतिष्ठा के दिन तक अपने आसपास के सभी मंदिरों और तीर्थस्थलों पर स्वच्छता अभियान चलाने का संकल्प लें। उन्होंने कहा कि श्री अयोध्या धाम में बन रहे भव्य श्री राम मंदिर में 22 जनवरी, 2024 को राम मंदिर के गर्भगृह में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा की जाएगी।
सहकारिता मंत्री डाॅ. बनवारी लाल ने कहा कि श्रीराम का जीवन चरित एक ओर मर्यादा का प्रतीक है, तो दूसरी ओर अदम्य साहस एवं शौर्य का। उन्होंने नारायण के अवतार में परिवार एवं समाज के हर रिश्ते के आदर्श स्थापित किए।