संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। कस्बे में शुक्रवार को कुछ युवकों ने जूस कॉर्नर की दुकान चलाने वाले एक व्यक्ति के साथ मारपीट की। उसका कसूर सिर्फ इतना था कि उसने आरोपियों से जूस के लिए उधार लिए पैसे वापस मांगे थे।
मिली जानकारी के अनुसार बावल निवासी दीपक की सर छोटू राम चौक पर मखीजा जूस कॉर्नर के नाम से दुकान है। दीपक ने बताया कि शाहपुर निवासी रामबिलास नाम का युवक अक्सर अपने दोस्तों के साथ उसकी दुकान पर आता था। वह कभी जूस पीता तो कभी सामान लेकर चला जाता।
पैसे मांगने पर कहता कि फिर कभी पैसे दे दूंगा। शुक्रवार को उसने रामबिलास को अपनी दुकान के पास से गुजरते देखा। दीपक ने उससे उधार लिए पैसे मांगे। इतना सुनते ही रामबिलास तैश में आ गया और उसने दीपक को थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद आसपास के लोगों ने समझाकर उसे भेज दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद रामबिलास अपने साथियों के साथ उसकी दुकान पर पहुंचा और दीपक को बुरी तरह पीटना शुरू कर दिया।
साथ ही धमकी दी कि अगर यहां दुकान चलानी है तो इसी तरह रहना होगा। इतना ही नहीं आरोपियों ने उसकी दुकान का सामान बाहर फेंक कर दुकान खाली करने की भी धमकी दी।
वारदात के बाद आसपास के दुकानदार एकत्रित हो गए। सूचना के बाद पुलिस की एक टीम भी मौके पर पहुंची। व्यापारियों ने घटना को लेकर कड़ा विरोध जताते हुए पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की। पीड़ित दीपक ने पुलिस को शिकायत दर्ज करा दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।,