धारूहेड़ा। हाउसिंग बोर्ड सेक्टर-6 के पास सर्विस रोड को अंडरपास से ऊंचा कर दिया गया है। इससे पैदल आने-जाने वाले लोग अब अंडरपास में रखे गए बड़े-बड़े पत्थरों पर चढ़कर गंतव्य को जाते हैं। यदि आने वाले दिनों में बरसात होती है तो अंडरपास में पानी भरने के बाद यहां से निकलना दूभर हो जाएगा। जल निकासी के लिए भी उचित व्यवस्था नहीं की गई है।
इस अंडरपास से रोजाना करीब 3 हजार लोग पैदल आते-जाते हैं। इसके पास ही 50 कंपनियां हैं। ऐसे में यह अंडरपास आमजनों के लिए काफी मायने रखता है। इससे पहले जलभराव सर्विस रोड पर ही होता था, अब सर्विस रोड तो दुरुस्त हो चुका है, लेकिन अंडरपास की व्यवस्था खराब हो गई है।
सेक्टर 6 निवासी संजय, विनोद, मनोज, ओमप्रकाश, राजेश, प्रदीप आदि ने बताया कि दो माह पहले एनएचएआई द्वारा सर्विस रोड का पुर्निर्माण का कार्य किया गया था, लेकिन विभाग ने मार्ग को अंडरपास से ऊंचा बना दिया। मोटी राशि सरकार द्वारा हाइवे पर खर्च करने के बाद इस पर बारिश में भरने वाले पानी से निजात तो मिला पर अंडरपास की स्थिति खराब हो चुकी है। जल्द ही अंडरपास की व्यवस्था भी दुरुस्त होनी चाहिए।
धारूहेड़ा की सड़कें होंगी चकाचक, चौड़ीकरण का होगा काम
दूसरी तरफ 5 वर्षों में धारूहेड़ा के सोहना पलवल रेवाड़ी मार्ग और नंदरामपुर बास सड़क को 50-50 फिट और चौड़ा किए जाने किए जाने की योजना है। इसके अतिरिक्त ग्रीन बेल्ट भी इन सड़कों के साथ होगी ताकि पर्यावरण ठीक रहे। सोहना पलवल रेवाड़ी मार्ग भिवाड़ी व नंदरामपुर बास सड़क खुशखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र को जोड़ती है। धारूहेड़ा में से जा रहे दिल्ली जयपुर नेशनल हाईवे नंबर-48 को भी यह सड़क जोड़ती है। सड़कें किसी भी गांव व शहर का आइना होती है। धारूहेड़ा कस्बा की सड़क पर यह कार्य पूर्ण होने पर जाम नहीं लगेगा। इनको 90 फिट की चौड़ाई से 200 फीट सड़क चौड़ी करने की योजना है। इसके अलावा हरा भरा बनाने के लिए ग्रीन बेल्ट भी होगी।
इंसेट
सड़कें दुरुस्त होती हैं तो होगा फायदा
धारूहेड़ा औद्योगिक क्षेत्र होने की वजह से यहां पर बड़ी संख्या में वाहनों का आना-जाना लगा रहता है। भिवाड़ी भी नजदीक है। ऐसे में अगर सड़कों का चौड़ीकरण का कार्य होता है तो जाम में भी नहीं फंसना पड़ेगा। चौड़ीकरण की मांग लंबे समय से की जा रही है। व्यवस्था बनने के बाद लोगों को भी परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
वर्जन
सड़क पर अभी काम चल रहा है। कार्य पूरा होने के बाद अंडरपास का भी काम करवा दिया जाएगा।-योगेश पाठक, एनएचएआई अधिकारी धारूहेड़ा।