एसआईआर अभियान को लेकर वार्ड पार्षदों के साथ बैठक करते एसडीएम। स्रोत : प्रशासन
रेवाड़ी। विधानसभा क्षेत्र के निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी एवं एसडीएम सुरेश कुमार ने शुक्रवार को धारूहेड़ा नगर पालिका के वार्ड पार्षदों के साथ बैठक की। एसडीएम सुरेश कुमार ने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम लागू किया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल हों तथा किसी भी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में न रहे। प्रशिक्षण के बाद बीएलओ अपने-अपने क्षेत्रों में घर-घर जाकर मतदाताओं का विवरण एकत्र करेंगे। इस दौरान एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाने, फोटो एवं अन्य जानकारियों को अद्यतन करने तथा आवश्यक हस्ताक्षर प्राप्त करने की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। एसडीएम सुरेश कुमार ने कहा कि प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने के बाद प्रत्येक मतदाता को अपने नाम, पते और अन्य विवरणों की जांच अवश्य करनी चाहिए।