संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। ई-अधिगम योजना के तहत शिक्षा विभाग ने नए सत्र में विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित करने का शेड्यूल जारी कर दिया है। इस संबंध में शिक्षा निदेशालय ने सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी किया है। इसमें निर्देश दिए गए हैं कि विभाग स्टॉक से विद्यार्थियों को टैबलेट उपलब्ध कराएगा।
निदेशालय के पत्र में लिखा गया है कि नए सत्र से नई कक्षाओं में दाखिल होने वाले विद्यार्थियों को टैबलेट वितरित किए जाएंगे। इनमें ऐसे विद्यार्थी शामिल होंगे, जिन्होंने कक्षा 10 में अब नया प्रवेश लिया है। कक्षा 10वीं में जो इस साल फेल हो गए और इसी स्कूल में 10वीं में पढ़ रहे हैं, वे अपने टैबलेट अपने पास ही रखेंगे। जिन विद्यार्थियों ने प्रोविजनल एडमिशन लिया है, उन्हें विद्यालय में उपलब्ध स्टॉक में से टैबलेट्स दिए जाने हैं। ऐसे व्दियार्थियों को टैबलेट देते समय पोर्टल के माध्यम से सुनिश्चित करना होगा कि संबंधित विद्यार्थी द्वारा अपना टैबलेट व सिम पुराने स्कूल में वापिस कर दिया था और टैबलेट गुम या चोरी हो जाने की स्थिति में एफआईआर की कापी पिछले विद्यालय में जमा करवा दी थी। ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने कक्षा 11वीं में किसी अन्य विद्यालय में प्रोविजनल एडमिशन ले लिया है, यदि वह फेल होने के बाद वापस अपने पिछले विद्यालय में जाता है तो वह नए विद्यालय से प्राप्त टैबलेट व सिम वापस करेगा।
ऐसे विद्यार्थी जिन्होंने प्रोविजनल एडमिशन लिया है लेकिन परिणाम आने के बाद वास्तविक दाखिला नहीं लेता है तो उससे टैबलेट व डाटा सिम वापस लिया जाना है। वहीं 11वीं कक्षा के विद्यार्थी परीक्षा पास करने के बाद 12वीं कक्षा में अपने टैबलेट लेकर आएंगे। यदि कोई विद्यार्थी 12वीं की परीक्षा में फेल होने के बाद फिर उसी विद्यालय में 12वीं कक्षा में आता है तो उसे विद्यालय में उपलब्ध स्टॉक में से टैबलेट दिया जाना है। जिले में टैबलेट की संख्या करीब 20 हजार है।
एमडीएम की जांच कराकर ही देना होगा टैबलेट
विद्यार्थियों को टैबलेट्स प्रदान करने से पहले विद्यालय यह सुनिश्चित करेंगे कि विद्यार्थियों को दिए जाने वाले टैबलेट में एमडीएम (मोबाइल डिवाइस मैनेजमेंट एप) हो। किसी टैबलेट में एमडीएम न होने की स्थिति में अवसर पोर्टल पर विद्यार्थी को एलॉकेट करने के बाद अवसर पोर्टल ग्रिवेंस पोर्टल पर शिकायत डालें। यदि किसी विद्यार्थी के पास पूर्व में आवंटित टैबलेट है और उसने वापस जमा नहीं करवाया है तो उस स्थिति में विद्यालय शैक्षणिक सत्र आरंभ होने पर उस विद्यार्थी का टैबलेट एमडीएम के लिए चेक करें। यदि टैबलेट में एमडीएम नहीं है तो शिकायत करें।
डाटा सिम की स्थिति पोर्टल पर अपडेट करें स्कूल
जिला नोडल अधिकारी डॉ. अशोक नामवाल ने बताया कि प्रत्येक टैबलेट व डाटा सिम की स्थिति अवसर पोर्टल पर अपडेट करते रहें। जिस दिन विद्यार्थी को टैबलेट दिया जाएगा, उसी दिन या अगले दिन अवसर पोर्टल पर डाटा अपडेट किया जाए। यदि किसी विद्यालय में अतिरिक्त टैबलेट न हों तो वह नोडल आफिसर से डिमांड कर सकता है। यदि विद्यालय में कुछ टैबलेट टूटे हुए हैं तो उन्हें बफर स्टॉक में जमा कराएंगे।