रेवाड़ी। हरियाणा वीर व शहीदी दिवस पर जिला प्रशासन की ओर से उपमंडलाधीश सुरेंद्र सिंह ने सोमवार को शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर देश के लिए प्राण न्यौछावर करने वाले शहीदों को नमन किया।
उन्होंने कहा कि शहीदों की गौरव गाथाएं हमें अपनी समृद्ध विरासत की सदैव याद दिलाती रहेंगी। उनकी कुर्बानी सदैव युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत रहेगी। उन्होंने कहा कि देश के उन शूरवीरों को कभी नहीं भुलाया जा सकता, जिन्होंने अपनी शहादत देकर देश की माटी का कर्ज अदा किया।
23 सितंबर का दिन देश के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के नायक राव तुलाराम व अन्य शूरवीरों की शहादत पर हरियाणा वीर एवं शहीदी दिवस के रूप में मनाया जाता है। राव तुलाराम ने अंग्रेजी हुकूमत के विरुद्ध मोर्चा संभालते हुए संघर्ष किया और आजादी की आवाज को बुलंद करने की महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इस अवसर पर सिकंदर प्रकाश, करण सिंह, मनोज कुमार, विजयपाल सिंह तथा कुलदीप सहित सैनिक बोर्ड के अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित थे।