रेवा़ड़ी। हरियाणा के उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला शुक्रवार को बावल विधानसभा क्षेत्र के गांव तिहाड़ा, प्राणपुरा व आसलवास में आयोजित जनसभाओं को संबोधित किया। उन्होंने ग्राम पंचायत की मांगों पर संज्ञान लेते हुए यथासंभव पूरा करने का विश्वास दिलाया। ग्रामीणों ने उप मुख्यमंत्री का स्वागत फूल मालाओं व पगड़ी बांधते हुए किया। उन्होंने कहा कि भाजपा-जजपा गठबंधन सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन करते हुए विशेष रूप से ग्रामीण आंचल को सशक्त व मजबूत बनाने की दिशा में सराहनीय कदम उठाए हैं।
समाज के अंतिम व्यक्ति तक को लाभान्वित करने के लिए घर द्वार पर सरकारी सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। जिनका लाभ पात्र लोगों को प्रभावी रूप से मिल रहा है। उप मुख्यमंत्री ने जनसभाओं में कहा कि मौजूदा सरकार की सोच हरियाणा प्रदेश का विकास करवाने की है। सरकार बिना किसी भेदभाव के राज्य के प्रत्येक हल्के व प्रत्येक गांव का एक समान विकास करा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ‘अंत्योदय’ व ‘समान’ विकास की विचारधारा के साथ काम कर रही है।
अब कोई भी नागरिक सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ घर बैठे ऑनलाइन माध्यम से प्राप्त कर सकता है। ऑनलाइन प्रक्रिया के अमल में आने से प्रदेश के नागरिकों को जाति, जन्म व रिहायशी प्रमाण पत्र, बुढ़ापा पेंशन, विधवा पेंशन, विकलांग पेंशन, आधार कार्ड, पैन कार्ड जैसी लगभग सभी सुविधाएं घर से ही प्राप्त हो रही है। इससे जन साधारण को बार-बार सरकारी दफ्तरों के चक्कर लगाने तथा समय व पैसे की बचत जैसी राहत मिली है।
कहा कि प्रदेश सरकार ने कल्याणकारी नीतियां लागू कर किसान, कमेरे और मजदूर वर्ग को आर्थिक रूप से मजबूती प्रदान करने का काम किया है। गांवों में पार्क, व्यायामशाला और ई-लाईब्रेरी बनाकर शहरों जैसी सुविधाएं दी जा रही हैं। प्रदेश में ऐसा कोई विधानसभा क्षेत्र नहीं है, जहां विकास कार्य नहीं हो रहे हों। सरकार ने पंचायती राज संस्थाओं में महिलाओं को 50 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया है, जिससे महिलाओं का सम्मान बढ़ा है और उनमें आत्मविश्वास की भावना प्रबल हुई है। इसी प्रकार तीन में से एक राशन डिपो महिला को दिए जाने का प्रावधान किया है। सरकार ने 600 सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया है, परिणाम स्वरूप सीएससी सेंटर के माध्यम से घर के पास से ही लोग सरकारी सेवाओं का लाभ ले सकते हैं।