संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। सर्कुलर रोड पर नागरिक अस्पताल के सामने ट्रामा सेंटर जाने के लिए फुट ओवर ब्रिज (एफओबी) निर्माण लोक निर्माण विभाग करा रहा है। निर्माण कार्य के चलते 19 फरवरी से दो मार्च की सुबह 5 बजे तक रूट डायवर्ट रहेगा। जिला प्रशासन ने बदले हुए रूट का रोडमैप तैयार किया है। रोडमैप के अनुसार झज्जर चौक व धारूहेड़ा चुंगी से आने वाले वाहनों को नसियाजी रोड व झज्जर पुल होते हुए बाइपास पर निकाला जाएगा। इस दौरान लोगों को करीब 5 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी होगी।
उपायुक्त के निर्देश पर पहले शुक्रवार रात 10 बजे से रूट डायवर्ट करने की तैयारी थी लेकिन रोडमैप तय नहीं होने के कारण अब 19 फरवरी को सुबह सात बजे से दो मार्च को सुबह पांच बजे तक धारूहेड़ा चुंगी से लेकर झज्जर रोड तक के बीच मार्ग परिवर्तित रहेगा। डीसी अशोक कुमार गर्ग ने आमजन से आह्वान किया है कि वे जिला और पुलिस प्रशासन की ओर से निर्धारित रूट से होते हुए गंतव्य तक पहुंचे ताकि फुट ओवर ब्रिज के निर्माण में किसी भी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। उन्होंने पीडब्ल्यूडी को रूट डायवर्ट वाले स्थानों पर संकेत बोर्ड लगवाने, कार्यक्षेत्र के दोनों तरफ एक-एक संकेतक और मार्ग दर्शक की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए हैं ताकि वाहन चालकों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।