रेवाड़ी। जिले के गांव झाबुआ के निकट चालक की लापरवाही के कारण एक व्यक्ति ट्रैक्टर ने नीचे गिरकर घायल हो गया तथा उपचार के लिए ले जाते समय उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद चालक मौके से फरार हो गया। बावल थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में अलवर के गांव मुंडावर निवासी राहुल ने कहा है कि मंगलवार की रात को वह अपने गांव निवासी संतोष कुमार, अलीपुर सांचौर निवासी लखपत व जयपुर के गांव रघुनाथपुरा निवासी मनोज के साथ ट्रैक्टर पर गुजरीवास से अलीपुर सांचौर जा रहे थे। ट्रैक्टर लखपत चला रहा था। चालक लखपत ट्रैक्टर लापरवाही से चला रहा था, जिस पर उसे धीरे चलाने के लिए उन्होंने कई बार टोका भी। रात को करीब दस बजे वह गांव झाबुआ होटल के निकट पहुंचे तो लखपत की लापरवाही के कारण मनोज नीचे गिर गया तथा ट्रैक्टर के टायर के नीचे कुचल कर गंभीर रूप से घायल हो गया। वाहन का प्रबंध कर मनोज को बावल के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना के बाद बावल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बुधवार को पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया तथा राहुल की शिकायत पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।