संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। अमृत भारत योजना के तहत रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के कायाकल्प की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। महानायक राजा राव तुलाराम की शौर्य गाथा की झलक रेलवे स्टेशन के कायाकल्प में देखने को मिलेगी।
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने बताया कि रेलवे की ओर से करीब 7 करोड़ रुपये का टेंडर रेवाड़ी रेलवे स्टेशन के सुंदरीकरण के लिए जारी किया गया है, जिसे 15 मई तक फाइनल कर लिया जाएगा। रेल यात्रियों की सुविधाओं को देखते हुए रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर एक और प्रवेश द्वार बनाया जाएगा। स्टेशन पर 12 मीटर का एक फुट ओवरब्रिज बनाया जाएगा जो प्लेटफार्म नंबर 1 से 8 तक को जोड़ने का काम करेगा। इसके अलावा चार एक्सीलेटर और पांच लिफ्ट भी यहां लगाई जाएंगी। एक्सीलेटर और लिफ्ट लगने के बाद बुजुर्गों और दिव्यांग लोगाें को यात्रा करने में असुविधा नहीं होगी।
राव ने कहा कि रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर दूसरे प्रवेश द्वार को खोलने की मांग काफी समय से की जा रही थी जिसे रेलवे स्टेशन के कार्यकलाप योजना में शामिल किया गया है और रेलवे स्टेशन के लिए दूसरे प्रवेश द्वार का निर्माण किया जाएगा। अमृत भारत योजना के अंतर्गत रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर मौजूदा प्लेटफार्म को लंबा किया जाएगा अतिरिक्त टिकट घर खोले जाएंगे, वेटिंग हॉल व शौचालय का सुंदरीकरण और विस्तार भी किया जाएगा।
टैक्सी की सुविधा होगी उपलब्ध
केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत ने बताया कि अमृत भारत योजना के तहत रेवाड़ी रेलवे स्टेशन पर पिक एंड ड्रॉप की सुविधा यात्रियों के लिए शुरू की जाएगी। इसके अलावा टैक्सी स्टैंड का निर्माण कराया जाएगा। टैक्सी का इस्तेमाल यात्री दूरदराज के क्षेत्र में आने जाने के लिए कर सकेंगे। रेलवे स्टेशन की पार्किंग का विस्तार किया जाएगा और अलग से दो पहिया वाहन व चार पहिया वाहनों की पार्किंग बनाई जाएगी। रेलवे स्टेशन की सुंदरीकरण योजना में हरियाली का विशेष ध्यान रखा गया है रेलवे स्टेशन में यात्रियों को प्रवेश द्वार से व आसपास में हरियाली देखने को मिलेगी।
प्रवेश द्वार पर लगेगी राव तुलाराम की प्रतिमा
रेलवे स्टेशन पर शहर के इतिहास को भी प्रदर्शित किया जाएगा। 1857 की क्रांति के महानायक राजा राव तुलाराम की प्रतिमा प्रवेश द्वार के ऊपरी हिस्से पर लगाई जाएगी। इसके अलावा अमर शहीद राव तुलाराम के महल की झलक भी रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार पर देखने को मिलेगी। अमृत भारत योजना व देश में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित अमृत काल में देश के शहीदों की गौरव गाथा से युवाओं को परिचित किया जा रहा है। रेलवे स्टेशन पर तेज सागर फोर्ट की झलक के साथ ही स्थानीय पत्थर व सेंड स्टोन का प्रयोग किया जाएगा। ऐतिहासिक महलों में लगाई जाने वाली छतरी का प्रयोग भी रेलवे स्टेशन के प्रवेश द्वार को बनाने में किया जाएगा।