जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। मंत्री जी! पांच डीएसपी हत्या के मामले की जांच कर चुके हैं, लेकिन आज तक न्याय नहीं मिला है। आरोपियों को क्लीन चीट मिल रही है। कांग्रेस के बड़े नेता के जानकार होने कारण उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। मामले की जांच किसी बड़े अधिकारी से कराएं। यह बात रेवाड़ी जिले के महेश्वरी गांव निवासी मूर्ति देवी व उसके परिजनों ने परिवेदना समिति की बैठक में सहकारिता मंत्री ओम प्रकाश यादव को कही। उन्होंने इस मामले की जांच एसपी से करवाने का आश्वासन दिया।
परिजनों ने कहा कि 14 जनवरी 2021 को उसके पुत्र बिरेंद्र का शव गांव के स्कूल के पास मिला था। इस मामले में पुलिस की डीएसपी व एसएचओ धारुहेड़ा ने इस मामले कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। मामला भी 15 दिन बाद दर्ज किया गया था। बैठक में 15 परिवाद रखे गए। इनमें 10 का निपटारा किया गया। जबकि बाकि पांच मामलों के समाधान के लिए संबंधित विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं।
हरियाणा सरकार में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि जनसेवा से जुड़े कार्यां में सजगता बरतते हुए अधिकारी अपनी दायित्व का निर्वहन प्रभावी ढंग से करें। उन्होंने कहा कि अंत्योदय उत्थान वर्ष में सरकार आम जनता की शिकायतों व समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार और जनप्रतिनिधि लगातार इस दिशा में प्रयासरत हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव वीरवार को स्थानीय बाल भवन ऑडिटोरियम में जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक की अध्यक्षता करते हुए परिवादों की सुनवाई कर रहे थे।
जिला प्रशासन की ओर से डीसी अशोक कुमार गर्ग ने सामाजिक न्याय मंत्री का स्वागत करते हुए प्रशासनिक गतिविधियों से अवगत कराया। परिवेदना समिति की बैठक में सुनवाई उपरांत सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री ओमप्रकाश यादव ने कहा कि सरकार की ओर से न सिर्फ प्रदेश की जनता की शिकायतों और समस्याओं की सुनवाई की जा रही है, बल्कि उनका प्राथमिकता के आधार पर तेजी से निस्तारण भी सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी आमजन की शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करवाएं। यदि प्रक्रिया में समय लगे तो परिवादी को समय सीमा बताएं व काम पूरा होने पर उसे सूचित करें। उन्होंने कहा कि जिला लोक संपर्क एवं परिवेदना समिति की बैठक में जो भी परिवाद रखे जाते हैं उन परिवादों को प्राथमिकता के आधार पर हल करवाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रशासन की ओर से संबंधित विभागीय अधिकारी व परिवादी के आपसी तालमेल के साथ परिवादी को संतुष्ट करते हुए समाधान कराना सुनिश्चित करें।
बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष हुकमचंद यादव, वीर कुमार यादव, पूर्व मंत्री विक्रम सिंह यादव सहित जिला प्रशासन की ओर से डीसी अशोक कुमार गर्ग, एएसपी पूनम दलाल दहिया, एसडीएम बावल संजीव कुमार, एसडीएम कोसली होशियार सिंह, सीटीएम देवेंद्र शर्मा व अतिरिक्त सीईओ जिप जयप्रकाश आदि उपस्थित रहे।