रेवाड़ी। डीसी राहुल हुड्डा ने बताया कि हरियाणा कौशल विकास मिशन की ओर से हरियाणा के आईटीआई, एचएसडीएम प्रशिक्षण केंद्रों, पॉलिटेक्निक कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों के छात्रों के साथ-साथ आम जनता के बीच उद्यमशीलता और स्टार्टअप विचारों को बढ़ावा देने के लिए आइडियाथॉन हरियाणा 2023 का शुभारंभ किया गया है। इसके लिए इच्छुक प्रार्थी 1 दिसंबर तक पंजीकरण करवा सकते हैं और विचारों को जमा करने की अंतिम तिथि 15 दिसंबर 2023 निर्धारित की गई है। इसके बाद विजेताओं के लिए पुरस्कारों की घोषणा की जाएगी। इस प्रतियोगिता में वैध परिवार पहचान पत्र आईडी वाले ही भाग ले सकते हैं। यह एक विशेष ऑनलाइन टेक इवेंट है जिसमें 4 लाख से रुपये अधिक की पुरस्कार राशि हरियाणा के 21 विजेताओं को प्रदान की जाएगी।
प्रतियोगिता की 12 श्रेणियों में प्रतिभागी अपने विचार प्रस्तुत कर सकते हैं। इनमें कृषि, किफायती और स्वच्छ ऊर्जा, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, उभरती तकनीक, हेल्थटेक, क्लीनटेक, गतिशीलता, शिल्प और स्थिरता, स्वच्छ जल और स्वच्छता, उपभोक्ता और उद्यम प्रौद्योगिकी और अच्छा स्वास्थ्य और कल्याण शामिल हैं।
प्रतिभागी एकल या टीम के रूप में करवा सकते हैं पंजीकरण
डीसी ने बताया कि पंजीकरण में आसानी के लिए सभी जिलों को सात जोन में विभाजित किया गया है। प्रतिभागी अपने जिले के अनुसार जोन का चयन कर सकता है। जोनों में से प्रत्येक में तीन विजेताओं सहित कुल 21 पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। पुरस्कार वितरण में प्रत्येक जोन के लिए स्वर्ण, रजत और कांस्य पुरस्कार के रूप में क्रमश: 31,000 रुपये, 21,000 रुपये और 11,000 रुपये के नकद पुरस्कार दिए जाएंगे।