संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस प्रत्याशी चिरंजीव राव ने मंगलवार को गांव डोहकी, नयागांव, गुडकावास, मुण्डलिया, डाबडी, काकोडिया, भुरथल ठेठर में जनसभा की। वहीं शाम को वार्ड 31 में घर-घर संपर्क किया।
जनसभाओं में चिरंजीव राव ने कहा कि कांग्रेस के शासन में जब चौधरी भूपेंद्र सिंह हुड्डा मुख्यमंत्री और मेरे पिता कैप्टन अजय सिंह यादव मंत्री थे तो रेवाड़ी में विकास कार्यों की झड़ी लगा दी गई थी। उस समय दक्षिण हरियाणा को रेवाड़ी रोहतक रेलवे लाइन और एनएच-71 जैसी सौगातें मिली थीं। केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़, इंदिरा गांधी यूनिवर्सिटी मीरपुर और सैनिक स्कूल जैसे संस्थान स्थापित कर दक्षिण हरियाणा को शिक्षा का हब बनाने की दिशा में कदम बढ़ाए गए थे।
उन्होंने कहा कि हमारी सरकार के दौरान यहां डिफेंस यूनिवर्सिटी को भी मंजूरी मिल गई थी लेकिन भाजपा के सत्ता में आते ही डिफेंस यूनिवर्सिटी की परियोजना ठंडे बस्ते में डाल दी गई। कहा कि भाजपा ने वोट लेकर अहीरवाल समेत पूरे हरियाणा के साथ धोखा किया है।
2014 तक हरियाणा में प्रति व्यक्ति आय, प्रति व्यक्ति निवेश, रोजगार देने, खेल-खिलाड़ियों और कल्याणकारी योजनाओं में देश का नंबर वन राज्य था, उसे भाजपा बेरोजगारी, अपराध, नशे और बदहाली में नंबर वन बना दिया है। इस सरकार ने पक्की नौकरियों को खत्म करके कौशल निगम की ऐसी शोषणकारी नीति लागू कर दी, जिसमें ना युवाओं के लिए कोई पक्की नौकरी है, ना कोई पद है। न पदोन्नति है न मेरिट, पारदर्शिता और आरक्षण है।