रेवाड़ी। सेक्टर-1 स्थित नेहरू पार्क से लेकर सोलहाराही तालाब से गुजरते श्मशान घाट तक मार्ग काफी समय से बदहाल है। वहीं अब इसको बनाने के लिए करीब 35.50 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। इसके लिए टेंडर आमंत्रित किया गया है।
यह मार्ग लोगों के लिए काफी महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसी मार्ग पर प्राचीन मंदिर भी स्थित है। यहां पर काफी लोगों का आना-जाना भी लगा रहता है। मार्ग की हालत खराब होने की वजह से लोगों को आने-जाने में काफी परेशानी भी होती है। इस पर जगह-जगह पर तमाम छोटे-बड़े गड्ढे हो गए हैं। मंदिर से थोड़ा आगे श्मशान घाट है।
दीपावली और छठ पूजा का त्योहार भी आने वाला है। ऐसे में मंदिर में श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहेगा। छठ पूजा के समय में यहां पर काफी भीड़ होती है। बारिश के दिनों में इस रास्ते पर और ज्यादा स्थिति खराब हो जाती है, क्योंकि जगह-जगह जलभराव हो जाता है। इससे सेक्टरवासी भी लंबे समय से परेशान हैं। गड्ढे होने के कारण कई बार गिरने की भी आशंका बनी रहती है। फिलहाल जो सड़क बनाई जाएगी वह आरसीसी की होगी।
नगर परिषद की ओर से बनाई गई नई सड़कें 6 माह के अंतराल में ही बिखर चुकी
दूसरी तरफ बारिश के बाद सड़कों पर बने गड्ढे लोगों की परेशानी का सबब बन हुए हैं। नगर परिषद की ओर से बनाई गई नई सड़कें 6 माह में ही जर्जर हो गईं। इन सड़कों की रोड़िया बिखर रही हैं। इससे तमाम गड्ढे हो चुके हैं। नगर परिषद की ओर से सेक्टर- 3, सेक्टर-4 व सचिवालय के सामने तारकोल की सड़क बनाई गई थी, जोकि टूट रही है। इन सड़कों पर कई बार पैचवर्क किया जा चुका है।
इन जगहों पर सड़क की हालत खराब
सेक्टर-3 में बावल रोड को गढ़ी बालनी रोड से जोड़ने वाली मुख्य सड़क काफी समय से अधूरी पड़ी है, लेकिन विभाग को लोगों की परेशानी से कोई सरोकार नहीं है। वर्तमान में शहर की ज्यादातर सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई हैं। शहर के सरकुलर रोड, बावल रोड, मिनी बाइपास, मॉडल टाउन, ब्रास मार्केट व सेक्टरों सहित कॉलोनियों और बाजार की सड़कों पर गड्ढे ज्यादा नजर आ रहे है। भाड़ावास गेट से मोती चौक, गोकल बाजार, रेलवे रोड व काठमंडी की नई सड़क लंबे समय से जर्जर है।
ये मार्ग आने वाले दिनों में बनेंगे आरसीसी
शहर के मुख्य बाजार गोकल गेट, अग्रसेन चौक, विश्वकर्मा चौक, रेल रोड, अनाज मंडी रोड व अन्य जगहों पर आरसीसी मार्ग बनेंगे। मौजूदा समय में आरसीसी मार्ग की ज्यादा जरूरत है। आरसीसी रोड काफी मजबूत भी होता है और बरसात से सड़क को नुकसान भी नहीं पहुंचता है। मामले में नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि अभी प्रक्रिया चल रही है, मंजूरी मिलने के बाद कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
वर्जन
विधानसभा चुनाव समाप्त होने के बाद नगर परिषद की तरफ से विकास कार्यों में अब तेजी लाई जाएगी। इसके लिए कई विकास कार्यों के टेंडर जल्द छोड़ जाएंगे। कुछ टेंडर छोड़ भी दिए गए हैं। फिलहाल लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी।-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद