संवाद न्यूज एजेंसी
बावल। कंपनी की लापरवाही की वजह से एक बिजलीकर्मी की करंट लगने से मौत हो गई। आरोप है कि घटना के समय रामपाल को कोई सुरक्षा उपकरण दस्ताने, रबर जूते आदि उपलब्ध नहीं करवाए गए थे। मृतक रामपाल यादव (50) के दो बच्चे हैं। बड़ी बेटी की शादी हो चुकी है, बेटा अभी पढ़ाई कर रहा है। परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। वहीं, मृतक रामपाल के भाई ने कंपनी प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही बरतने के आरोप लगाए हैं। इस पर कसौला थाना पुलिस ने कंपनी मालिक, कंपनी मैनेजर और एचआर मैनेजर के खिलाफ लापरवाही बरतने का मामला दर्ज किया है। रालियावास गांव निवासी वेदपाल ने बताया कि उसका भाई रामपाल यादव 2 साल से एक कंपनी में बतौर बिजलीकर्मी कार्यरत था। 28 अप्रैल की शाम को 4 बजे उन्हें सूचना मिली थी कि रामपाल यादव को बिजली का करंट लगा है, ट्रॉमा सेंटर ले जाया जा रहा है। जब वह ट्रॉमा सेंटर पहुंचे तो पता लगा कि रामपाल की मौत हो चुकी है। रामपाल के सहकर्मियों ने उन्हें बताया कि रामपाल को कोई सुरक्षा उपकरण उपलब्ध नहीं करवाए गए थे और न ही घटना के समय उसके साथ कोई मौजूद था, जिससे इस अनहोनी को टाला जा सकता था। कंपनी ने लापरवाही बरती है, जिसके कारण उसके भाई की मौत हो गई। फिलहाल कसौला थाना पुलिस मामले की जांच में जुट चुकी है।