संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मेरी माटी-मेरा देश अभियान के तहत 30 व 31 अक्तूबर को कर्तव्य पथ इंडिया गेट नई दिल्ली में अमृत कलश यात्रा और अमृत महोत्सव का समापन होगा। इसके मुख्यअतिथि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे। इस कार्यक्रम के लिए रविवार को जनप्रतिनिधि अमृत कलश लेकर रेवाड़ी से गुरुग्राम होते हुए दिल्ली के लिए रवाना हुए। बीडीपीओ अमन कुमार ने जिला से शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के संयुक्त रूप से जनप्रतिनिधियों को अमृत कलश के साथ वाहनों में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस दौरान जन प्रतिनिधियों में देशभक्ति का भाव देखने को मिला। जनप्रतिनिधि वाहनों में अमृत कलश के साथ भारत माता की जय के नारे लगाते हुए रेवाड़ी से रवाना हुए। बताया कि अमृत कलश की पवित्र मिट्टी से दिल्ली में अमृत वाटिका का निर्माण होगा। साथ ही मेरा युवा भारत अभियान का शुभारंभ, अमृत महोत्सव स्मारक निर्माण, लाइट एंड साउंड शो, भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम सहित अमृत अवार्ड वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।