रेवाड़ी। जिले का औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा और राजस्थान के औद्योगिक कस्बा भिवाड़ी के बीच केमिकलयुक्त पानी के विवाद को लेकर तिजारा से भाजपा विधायक चुने गए बाबा बालकनाथ ने हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की, साथ ही समस्या का समाधान निकालने का अनुरोध किया है।
अमर उजाला ने 18 दिसंबर के अंक में धारूहेड़ा-भिवाड़ी सीमा पर बने रैंप का होगा स्थायी समाधान शीर्षक से खबर प्रकाशित की थी। वहीं, एक्स (ट्विटर) पर बालक नाथ ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल के साथ हुई मुलाकात की फोटो और एक पोस्ट शेयर की, जिसमें लिखा कि ‘हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल से चंडीगढ़ में शिष्टाचार पूर्वक भेंटवार्ता करते हुए विधानसभा चुनाव में सहयोग के लिए उनका आभार प्रकट किया, इस दौरान भिवाड़ी की पानी निकासी की समस्या को लेकर उनके द्वारा जल्द ही समाधान का आश्वासन दिया गया।
भिवाड़ी-धारूहेड़ा दोनों के लिए समस्या
भिवाड़ी की फैक्टरियों से निकलने वाला केमिकलयुक्त पानी प्रदेश के धारूहेड़ा कस्बे में कई साल से परेशानी बनकर खड़ा हुआ है। बरसात के मौसम में यह समस्या काफी विकट हो जाती थी। धारूहेड़ा की आधी से ज्यादा आबादी इससे प्रभावित हुई। मामला एनजीटी कोर्ट तक पहुंचा। साथ ही दूषित पानी के सैंपल भी फेल मिले। उस वक्त राजस्थान में कांग्रेस की सरकार थी। हरियाणा और राजस्थान के बीच भिवाड़ी के पानी को लेकर तनातनी बनी रही।
राजस्थान में भाजपा सरकार बनने से बंधी आस
करीब छह माह पहले जुलाई में जिले में जनसंवाद कार्यक्रम करने पहुंचे मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने खुद धारूहेड़ा-भिवाड़ी बॉर्डर का दौरा भी किया था। इससे पहले प्रशासन ने इस दूषित पानी को रोकने के लिए धारूहेड़ा की सीमा में काफी ऊंचा रैंप बना दिया, जिसकी वजह से यह पानी अब भिवाड़ी के लिए ही आफत बना हुआ है।
रैंप तोड़ने बुलडोजर लेकर पहुंचे थे बालकनाथ
धारूहेड़ा-भिवाड़ी बॉर्डर पर पिछले छह माह से हालात और भी ज्यादा खराब है। भिवाड़ी राजस्थान के तिजारा विधानसभा क्षेत्र का हिस्सा है। हाल ही में हुए चुनाव में तिजारा से बालकनाथ ने जीत दर्ज की है। चुनाव प्रचार के दौरान भी पिछले माह बालकनाथ बुलडोजर लेकर धारूहेड़ा की सीमा में बने रैंप को तुड़वाने पहुंचे थे। हालांकि रैंप को तोड़ा नहीं जा सका। मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को संभाला था। खुद के हलका की सबसे बड़ी समस्या के समाधान को लेकर अब बालकनाथ ने मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की है। क्योंकि अब दोनों ही राज्यों में भाजपा की सरकार है। ऐसे में उम्मीद की जा रही कि जल्द ही इस समस्या का समाधान हो जाएगा।