रेवाड़ी। जिम्मेदारों की लापरवाही के कारण वीरवार को राजस्थान के भिवाड़ी से छोड़े गए रसायनयुक्त दूषित पानी से धारूहेड़ा के लोगों की परेशानी बढ़ गई है। घरों से लेकर सड़कों तक तीन फीट तक पानी भर गया है। जहरीले पानी से बचने के लिए लोग छतों पर पहुंच गए हैं। नगर पालिका की तरफ से मोटर पंप सेट लगाकर पानी को निकाला जा रहा है। मामले को लेकर कई बार मंत्री और अधिकारियों की बैठकें भी हुईं, लेकिन नतीजा अभी तक सिफर है। इससे लोगों की जिंदगी सांसत में फंसी हुई है।
यह समस्या नई नहीं है। इसे लेकर करीब माह पहले केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह ने दूषित पानी छोड़ने वालों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की बात कही थी, लेकिन धारूहेड़ा में इसके उलट हुआ। एक सप्ताह पूर्व भिवाड़ी से छोड़े जाने वाले पानी का विरोध करने वाले धारूहेड़ा के 40 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है।
भिवाड़ी की कंपनियों से छोड़े जाने वाला रसायनयुक्त पानी धारूहेड़ा के लोगों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। अक्सर बरसात के मौसम में बारिश के दौरान भिवाड़ी की ओर से रसायनयुक्त पानी को धारूहेड़ा की ओर छोड़ दिया जाता है। यह पानी न केवल घरों में बल्कि खेतों व सड़कों पर भर जाता है। वीरवार को सुबह आई बारिश की आड़ में छोड़ा गया पानी धारूहेड़ा के सेक्टरों सहित अन्य रिहायशी इलाकों में भर गया। पानी का बहाव काफी तेज था।
धारूहेड़ा के सेक्टर 4, 6, सोहना रोड पर करीब पांच कॉलोनियों के अलावा कस्बा की अनेक आलीशान कोठियों के बाहर 2 से 4 फीट तक दूषित पानी भर गया है। ज्यादा पानी की सूचना के बाद धारूहेड़ा नगर पालिका प्रशासन की ओर से टीमों का गठन कर पानी को रोकने व निकालने के लिए जगह-जगह मोटर पंप सेट लगाया गया है। धारूहेड़ा नगर पालिका के सचिव प्रवीण कुमार सहित अन्य कर्मचारी सुबह से ही मोर्चा संभाले हुए हैं।
दोनों राज्यों के अधिकारियों की हो चुकी बैठक
भिवाड़ी से आने वाले दूषित पानी की रोकथाम के लिए कई बार दोनों राज्यों के उच्च अधिकारियों की कई बैठकें हो चुकी हैं। हर बार अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए जाते है, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है। करीब पांच माह पूर्व ही केन्द्रीय मंत्री राव इन्द्रजीत सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए राजस्थान और हरियाणा के उच्च अधिकारियों के साथ बैठक की थी, जिसमें उन्होंने जिम्मेदार लोगों पर मुकदमा दर्ज कराने की भी बात कहीं थी, लेकिन इसके बाद भी कुछ नहीं हुआ।
वर्जन
पानी आने की सूचना मिलते ही नगर पालिका के सभी कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। जगह-जगह पंप लगाकर पानी को निकाला जा रहा है। उच्च अधिकारियों की बैठक हो रही है। जल्द ही समाधान निकाला जाएगा।
-प्रवीण कुमार, सचिव, नगर पालिका धारूहेड़ा