रेवाड़ी। हाईवे और सर्विस रोड पर कांवड़ियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। बुधवार को दिनभर में 15 हजार से ज्यादा कांवड़िये दिल्ली-जयपुर हाईवे से गुजरे। राजस्थान की ओर से जाने वाले अधिकतर कांवड़िये जिले सीमा में हाईवे के रास्ते ही जाएंगे। बारिश का मौसम शुरू हो चुका है, लेकिन हाईवे की सर्विस रोड के हालात नहीं सुधरे हैं। कुछ जगहों पर गहरे गड्ढे है, जिससे कांवड़ियों को परेशानी उठानी पड़ेगी। कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए ट्रैफिक पुलिस की ओर से सुरक्षा के मद्देनजर हाईवे पर हर बार रस्सी बांध कर अलग से निकलने की व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। हालांकि पुलिस की ओर से सुरक्षा के पुख्ता प्रबंध के दावें किए जा रहे हैं।
शिवरात्री के नजदीक आने के साथ ही जिले की सीमा में दिल्ली-जयपुर हाईवे के रास्ते राजस्थान जाने वाले पैदल कांवड़ियों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। आने वाले दिनों में कांवड़ियों की संख्या में बढ़ोतरी होगी। कांवड़ियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस की ओर से हर बार हाईवे पर रोड के किनारे मिट्टी के कट्टे रखकर रस्सी बांधकर कावड़ियों के चलने के लिए अलग से व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार ऐसा नहीं है। ऐसे में कांवड़ियों को सर्विस रोड से निकलना पड़ रहा है। लेकिन सर्विस रोड की दुर्दशा देखते ही बनती है। कहीं उबड़-खाबड़ सड़क तो कहीं गहरे गड्ढों में जलभराव के कारण कांवड़ियों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। हालात ये है कि कापड़ीवास से लेकर जयसिंहपुर खेड़ा बार्डर तक 50 से अधिक स्थानों पर सर्विस रोड पर गहरे गड्ढे बने हुए हैं। इन गड्ढों में जमा बारिश का पानी का कांवड़ियों के लिए आफत से कम नहीं है। लोगों का कहना है कि इन सड़कों को सावन से पहले सही कराना चाहिए था, लेकिन अधिकारी हाथ पर हाथ धरे बैठे रहे।
जान जोखिम में डालकर निकल रहे कांवड़िये
हाईवे पर कांवड़ियों के लिए निकलने के लिए अलग से व्यवस्था नहीं किए जाने की वजह से साहबी पुल के पास, जयसिंहपुर खेड़ा बाॅर्डर के समीप, मालपुरा के समीप, धारूहेड़ा के समीप कांवड़ियों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है।
हाईवे पर नहीं विशेष सुरक्षा व्यवस्था
सावन में कांवड़ यात्रा के दौरान हाईवे पर हर बार पुलिस की ओर से अलग से सुरक्षा व्यवस्था की जाती थी, लेकिन इस बार हाईवे पर सुरक्षा व्यवस्था ढीली नजर आ रही है।
वर्जन
जिले में कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं। हाईवे पर निकलने की अलग से व्यवस्था की जा रही है। पुलिस की गश्त भी बढ़ा दी गई है।
-संजीव बल्हारा, डीएसपी