धारूहेड़ा। औद्योगिक कस्बा धारूहेड़ा की सैयद कॉलोनी में शुक्रवार को पिटबुल नस्ल के कुत्ते ने एक बच्चे को काट खाया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया। घायल बच्चे के पिता ने पिटबुल के मालिक को शिकायत की तो उलटा उसके साथ भी अभद्रता की गई। इसके बाद बच्चे के पिता की शिकायत पर धारूहेड़ा थाना पुलिस ने मालिक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में देवेंद्र कुमार ने बताया कि उसके पड़ोसी सुभाष सोनी ने पिटबुल नस्ल का कुत्ता पाला हुआ है। सुभाष ने अपने कुत्ते को गली में खुला छोड़ा था। उसका बेटा ध्रुव शाम करीब छह बजे गली से निकल रहा था। इसी दौरान सुभाष सोनी के कुत्ते ने उसके बेटे पर हमलाकर दिया और पैर पर काट लिया। गली में मौजूद लोगों ने बच्चे को कुत्ते से बचाया। पैर पर काटने के कारण ध्रुव घायल हो गया। पिटबुल नस्ल के कुत्ते द्वारा बच्चे पर हमला करने की घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई। सीसीटीवी फुटेज में कुत्ता बच्चे पर हमला करता हुआ दिखाई दे रहा है। पुलिस को भी सीसीटीवी कैमरे की फुटेज सौंपी है।