प्रदर्शन कर रहे लोगों को समझाते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : Rewari
रेवाड़ी। शहर के बीएमजी मॉल के बाहर शनिवार की सुबह हिंदू संगठनों हिंदू युवा वाहिनी, हरियाणा गो रक्षा दल, अंतरराष्ट्रीय विश्व हिंदू परिषद ने फिल्म ब्रह्मास्त्र के विरोध में प्रदर्शन किया। साथ ही मॉल के बाहर एक घंटे तक नारेबाजी की। इस दौरान उनका कहना था कि फिल्म में अभिनेता रणबीर कपूर ने एक संवेदनशील पशु के मांस खाने की बात कही है। इस पशु की सनातन धर्म में पूजा अर्चना की जाती है। यह हिंदुओं की आस्था पर चोट है। इसे कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हालांकि बाद में पुलिस ने हिंदू संगठनों के लोगों को समझाकर वहां से भेज दिया। उन्होंने सोमवार तक फिल्म का प्रदर्शन नहीं रोकने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने कहा कि बॉलीवुड का अभिनेता या स्टार नौजवानों को गुटखा खाने के लिए प्रेरित करते हैं। जबकि गुटखे पर साफ लिखा होता है कि तंबाकू से कैंसर होता है। ऐसे में अभिनेता कैसे आदर्श हो सकते हैं। इसे देखकर नौजवान गलत रास्ते की ओर चलेगा। उन्होंने कहा कि अभिनेता रणबीर कपूर कहते हैं कि संवेदनशील पशु का मांस उनका पसंदीदा आहर है। उन्होंने कहा कि हिंदू धर्म के लोग इस संवेदनशील पशु को माता के रूप में पूजते हैं। अभिनेता द्वारा हिंदुओं की आस्था पर गहरी चोट की गई है। ऐसे अभिनेता की फिल्म हम क्यों देखें। उन्होंने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं, बल्कि पहले भी हुआ है। फिल्मों में हिंदुओं को ही निशाना क्यों बनाया जाता है। उन्होंने कहा कि सोमवार तक फिल्म बंद का प्रदर्शन नहीं रोकने पर बड़ा आंदोलन करेंगे। हिंदू संगठन के विरोध प्रदर्शन को देखते हुए बीएमजी मॉल के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस के जवानों को तैनात किया गया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को समझा कर भेज दिया। प्रदर्शन में अजय, राकेश, प्रमोद शर्मा, आशु, दयाराम आर्य के अलावा अनेक पदाधिकारी व कार्यकर्ता शामिल रहे।