बावल। रेवाड़ी-बावल रोड पर बिजली और पानी की समस्या को लेकर वीरवार की शाम को वार्ड नंबर 4 मोहल्ला जटवाड़ा की महिलाओं ने जाम लगा दिया। करीब दो घंटे दोनों तरफ रोड के जाम लगने से वाहनों की लम्बी कतार लग गई। सुचना के बाद मौके पर पहुंचे बावल थाना प्रभारी लाजपत ने लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन महिलाओं और पुलिस के बीच तीखी बहस भी हुई। लोगों ने कहा कि संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर आएंगे तभी जाम को खोला जाएगा। समाचार लिखे जाने तक लोगों का जाम लगा रहा।
वार्ड नंबर 4 के पार्षद दीपक भगतजी ने बताया कि बीते 3 दिन से वार्ड में लाइट नहीं आ रही और 15 दिन से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि इस मोहल्ले में महिलाएं तक कंपनी में ड्यूटी करके अपना गुजारा कर रही है। शाम को घर आती है तो लाइट नहीं होती और पानी के लिए दूर हैंडपंपों पर जाना पड़ता है। लंबी कतारों के बाद पानी पीने को मिल रहा है।
स्थानीय माया, कांता, संतरा व विमला ने बताया कि 15 दिन से पानी नहीं मिल रहा है। दूर से महिलाओं को पानी भरकर लाना पड़ रहा है। एक घंटे लाइन में लगना पड़ता है। यहां पर सभी लोग मेहनत मजदूरी करने वाले हैं। उन्होंने बताया कि बीते 3 दिन से लाइट खराब है एक तार जलने के कारण पूरे मोहल्ले में लाइट नहीं आ रही, जिससे गर्मी में भारी परेशानी हो रही है। उन्होंने बताया कि गर्मी के अंदर 40 डिग्री तापमान में परिवार के लोग रहने को मजबूर है। यहां सभी कच्चे मकानों में रहते हैं। बिजली के सहारे ही थोड़ी राहत महसूस होती है। उन्होंने कहा कि लाइट नहीं होने के कारण फोन तक चार्ज नहीं हो पा रहे हैं। इसी को लेकर आज रेवाड़ी-बावल रोड जाम कर दिया है। पार्षद दीपक ने बताया कि 7 महीने से पानी की समस्या की शिकायत दी जा चुकी है। विद्युत विभाग के अधिकारी फोन नहीं उठा रहे हैं, जिससे परेशान होकर आज लोगों ने जाम लगा दिया है। जाम लगाने में माया, कांता, संतरा, विमला, सोमवती, किरण, लाली, सोमवती, महेंद्र, विक्रम, होशियार, श्यामलाल, लीलू, नरेश, हुकम, राजू, ईश्वर सहित अनेक लोग मौजूद रहे।