संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। मौसम में लगातार बदलाव देखने को मिल रहा है। बदलते मौसम के चलते पिछले तीन दिनों से ओपीडी में अचानक इजाफा हो गया है। नागरिक अस्पताल की मेडिसिन ओपीडी में मरीजों की संख्या में 40 फीसदी का इजाफा हुआ है। अब ओपीडी में हर चौथा मरीज खांसी, जुकाम और बुखार के साथ आ रहा है। अस्पताल में वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. गौरव यादव के मुताबिक ओपीडी 350 के पार पहुंच चुकी है। बदलते मौसम के कारण ज्यादातर लोग खांसी, जुकाम और बुखार से पीड़ित हैं।
दिन में गर्मी और रात को ठंडक
बदलते मौसम में थोड़ी सी लापरवाही से लोग बीमार पड़ रहे हैं क्योंकि पिछले कुछ दिनों से मौसम में तेजी से बदलाव हो रहा है और इसके चलते सबसे ज्यादा सर्दी, खांसी और बुखार की शिकायतें मिल रही हैं। डॉक्टरों का मानना है कि दिन में तेज धूप, शाम में सिहरन और रात में ठंड के चलते ऐसी स्थिति बन रही है। जिसके चलते सर्दी, खांसी, बुखार के मरीज बढ़े हैं। खासकर अस्थमा और पेट के रोगियों को ज्यादा परेशानी जा रही है।
अस्पताल की ओपीडी में हर चौथा मरीज वायरल से पीड़ित
नागरिक अस्पताल के ओपीडी कक्ष में पिछले एक सप्ताह से 1200 के करीब ओपीडी पहुंच रही है। इसमें हर चौथा मरीज खांसी, जुखाम व बुखार से पीड़ित पहुंच रहा है। इस सीजन में सबसे ज्यादा वायरल होता है नाक से वायरस प्रवेश करता है और शरीर में पहुंच जाता है। यह मौसम उसके लिए ठीक होता है। इस दौरान वायरस से बचने के लिए शरीर का तापमान बनाए रखने की जरूरत होती है। इस सीजन में व्यक्ति शरीर में पानी की मात्रा कम न करें भाप लेते रहें और गर्म कुनकुना पानी पिएं। जिससे कुछ हद तक राहत मिल सकती है। चिकित्सक के अनुसार 15 दिन पहले तक वायरल इन्फेक्शन से गले में आवाज बैठने की तकलीफ ज्यादा रही। अब मौसम बदलने से खांसी के मरीज बढ़ गए हैं।
वायरल इन्फेक्शन होने पर बरतें सावधानी
मौसम में परिवर्तन से वायरल इन्फेक्शन होने से लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। सर्दी-जुकाम, बुखार के साथ खांसी की तकलीफ बढ़ी है। बच्चे और बुजुर्गों की इम्युनिटी कम होती है वे बीमारियों की चपेट में आ रहे हैं। जिला अस्पताल के अधीक्षक डा. एसबी खरे ने कहा कि इंफेक्शन से पीड़ित लोगों को सावधानी बरतनी चाहिए। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के परामर्श के अनुसार दवाइयां लें।
मौसम में बदलाव से मरीजों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। वायरल से पीड़ित लोग अस्पताल पहुंच रहे हैं लेकिन मरीजों को किसी भी तरह से परेशानी नहीं आने दी जाएगी। अस्पताल में जरूरी दवाएं उपलब्ध हैं।
-डॉ जयभगवान जाटान, पीएमओ नागरिक अस्पताल रेवाड़ी।