संत फकीर धाम में भंडारा ग्रहण करते लोग। स्रोत : मंदिर
रेवाड़ी। शहर के नाईवाली चौक स्थित मोहल्ला सराय बलभद्र स्थित काली माता मंदिर संत फकीर धाम में पांच दिवसीय पंच धूणा तपस्या का समापन हवन, कन्या पूजन और भंडारे के साथ किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। दिनेश शास्त्री ने हवन कराया। दड़ौली आश्रम से महंत समर्पणानंद महाराज और बालाजी धाम हरिनगर से महंत पागल गुरु भी पहुंचे। दोनों संतों को शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। महंत अभय गिरि ने बताया कि बालाजी धाम हरिनगर में 21 दिन की तपस्या चल रही है। उन्होंने पांच दिन हरिनगर और छह दिन काली माता मंदिर में तप किया, जिसका समापन हवन और भंडारे के साथ हुआ। मोहित रामपुरा ने बताया कि आगामी 2 जून को श्री बालाजी धाम हरिनगर में 21 दिन की तपस्या पूर्ण होने पर भंडारे का आयोजन किया जाएगा।