रेवाड़ी। डीसी अभिषेक मीणा ने वीरवार को लघु सचिवालय में आयोजित शिविर में लोगों की शिकायतें सुनीं। गांव बोलनी में रास्ते के बीच लगे बिजली के ट्रांसफार्मर को सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित करने की शिकायत पर डीसी ने बिजली विभाग के अधिकारियों को जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। वहीं, शहर की पंजाबी मार्केट में दुकान के रास्ते पर अवैध अतिक्रमण की शिकायत पर नगर परिषद के अधिकारियों को जांच करके अतिक्रमण हटवाने को कहा। बालुवाड़ा में डिपो होल्डर द्वारा राशन नहीं देने की शिकायत पर डीसी ने खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक को जांच कर शिकायतकर्ता को राशन दिलवाने के निर्देश दिए। शिविर में बिजली, परिवार पहचान पत्र, पेंशन, प्रॉपर्टी आईडी और पुलिस विभाग से संबंधित शिकायतें भी प्राप्त हुईं। शिविर में एसपी हेमेंद्र मीणा, एडीसी राहुल मोदी, एएसपी दीपिका अग्रवाल, सीटीएम जितेंद्र कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।