रेवाड़ी। शहर के बारा हजारी स्थित दुर्गा माता के मंदिर के समीप स्थित शौचालय पर लंबे समय से बंद ताला खोल दिया गया है। स्थानीय लोगों को अब शौचालय के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। 17 नवंबर को अमर उजाला ने समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। इसके बाद प्रशासन की नींद खुली। शुक्रवार को प्रशासन ने शौचालय की मरम्मत कराने के बाद इसे आम लोगों के लिए खोल दिया है। वहीं स्थानीय लोगों ने अमर उजाला को धन्यवाद दिया है।
शहर के बारा हजारी बाजार की समस्याओं को लेकर अमर उजाला ने ‘‘अव्यवस्था का बोलबाला, बारा हजारी में चारों ओर गंदगी, चार माह से शौचालय पर लगा ताला’’ शीर्षक से समाचार को प्रमुखता से प्रकाशित किया था। शौचालय पर ताला लगाए जाने से बाजार में आने वाली महिला ग्राहकों और दुकानदारों को उठानी पड़ती थी। स्थानीय लोगों ने कई बार नगर परिषद प्रशासन से इसकी शिकायत भी की, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। शौचालय का ताला खुलने के बाद मोहल्ले के लोगों ने समाचार पत्र का धन्यवाद करते हुए कहा कि समाचार प्रकाशित होने के बाद ही प्रशासन हरकत में आया है, जबकि इससे पहले कई बार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका था।