संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर स्थित विजय नगर में एक व्यक्ति से 128 हजार रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हो गई। पुलिस को दी शिकायत में विजय नगर निवासी आजाद सिंह ने बताया कि 17 सितंबर को उसके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। इस दौरान बताया गया कि वह जम्मू से बीआर रैक जेसीओ है और उसका ट्रांसफर रेवाड़ी एनसीसी में हुआ है। उसे किराये पर एक मकान लेना है। 20 सितंबर को आरोपी का फिर फोन आया, उसने कहा कि उसके कार्यालय से किराए के लिए एक फोन आएगा और वह आपको पैसे भेज देंगे। थोड़ी देर बाद एक नंबर से फोन आया और उसने 30 हजार रुपये भेजने को कहा। साथ ही यह भी बताया कि यह उनके कार्यालय का एक नियम है। शातिरोें की बातों में आकर पीड़ित ने कुल तीन ट्रांजैक्शन में 1 लाख 28 हजार रुपये भेज दिए। जब पीड़ित को पता लगा कि उसके साथ धोखाधड़ी हो गई तो उसने मॉडल टाउन थाना पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।