संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। दिल्ली-जयपुर राजमार्ग पर करीब छह साल पहले चालक और उसके साथी को बंधक बनाकर कंपनी के साढ़े 4 करोड़ रुपये लूटने के मामले में एक और आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान यूपी के गाजियाबाद के मोदीनगर निवासी मोहम्मद यूनूस उर्फ भूरा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश कर पूछताछ के लिए एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया है।
पुलिस ने बताया कि गुजरात के जिला मेहसाना के ऊंजा निवासी करण पटेल ने अपनी शिकायत में बताया था कि वह 20 सितंबर 2018 की रात को अपने साथी गजेंद्र राठौर के साथ कंपनी की गाड़ी से दिल्ली से अहमदाबाद जा रहा था। धारूहेड़ा के पास कुछ लोगों ने उन्हें बंधक बनाकर उनकी गाड़ी व कंपनी के साढ़े 4 करोड़ रुपये लूट लिए। इस पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ थाना धारूहेड़ा में मामला दर्ज करके मामले में 11 आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार करके उनसे लूटी हुई रकम से करीब 2 करोड़ 52 लाख रुपये बरामद कर लिए थे। गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद जावेद ने पुलिस द्वारा पूछताछ में बताया था कि उसने लूटी हुई रकम में से 15 लाख रुपये अपने मामा मोहम्मद यूनस उर्फ भूरा को दे दिए थे। इस मामले में मोहम्मद यूनूस उर्फ भूरा को भी गिरफ्तार कर लिया है।