रेवाड़ी। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के बैंक खाते से रुपये गबन के आरोपी संपदा अधिकारी कार्यालय के डाटा एंट्री आपरेटर विजय यादव को पुलिस ने रिमांड पर लिया है। जांच के दौरान एक करोड़ 67 लाख रुपये का गबन करना सामने आया है। पुलिस को संदेह है कि गबन में आरोपी के साथ अन्य लोग भी शामिल हैं। अभी तक पुलिस गबन की राशि में से 28 लाख रुपये बरामद कर चुकी है।
पुलिस ने बताया कि हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी कार्यालय के डाटा एंट्री आपरेटर विजय यादव के खिलाफ अकाउंटेंट सूरजभान शर्मा ने गबन की शिकायत दर्ज कराई थी। गांव गोकलगढ़ के रहने वाले आरोपी को आउटसोर्स के जरिए वर्ष 2017 में बतौर डाटा एंट्री आपरेटर प्राधिकरण में नियुक्ति मिली थी। इसके बाद उसकी ड्यूटी अकाउंट ब्रांच में लगा दी गई थी। अकाउंट ब्रांच में ड्यूटी वजह से आरोपी प्राधिकरण के चंडीगढ़ स्थित पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में खुले बैंक खाता को भी ऑपरेट करता था। इसी का फायदा उठाते हुए आरोपी ने 14 माह की अवधि में अपनी पत्नी, बेटियां और रिश्तेदारों के खातों में 38 लाख रुपये से अधिक की राशि ट्रांसफर कर दी थी। गबन का पता लगने के बाद मॉडल टाउन थाना में मामला दर्ज कराया गया था।
मामला दर्ज करने के बाद शुक्रवार को पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर रिमांड पर लिया है। अभी तक की पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी वर्ष 2018 से प्राधिकरण के खाते से करीब एक करोड़ 67 लाख रुपये ट्रांसफर कर चुका है। पुलिस अभी आरोपी से पूछताछ कर रही है।