कोसली। रोडहाई थाना पुलिस ने शराब तस्करों पर शिकंजा कसते हुए पाल्हावास-हेलीमंडी रोड पर शराब से भरे एक बंद बॉडी के टेंपो से 240 पेटी अवैध शराब बरामद की है। पुलिस ने शराब व टेंपो को जब्त करते हुए आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपी चालक की पहचान दिल्ली के नजफगढ़ के हरिदास इन्क्लेव झाडोदा कलां निवासी अजीत उर्फ जीतू के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि 10 जनवरी की रात को पालावास-हेली मंडी रोड पर नाकाबंदी करके वाहन चेकिंग के दौरान एक बंद बॉडी के टेंपो को चेक किया तो उसमें देसी शराब मार्का संतरा रसीला के पव्वों की 240 पेटियां बरामद हुई। पुलिस ने टैंपो चालक अजीत उर्फ जीतू निवासी हरिदास एन्क्लेव झाडोदा कलां, नजबगढ़, दिल्ली से शराब का परमिट व लाइसेंस मांगा, तो वह कोई भी कागजात पेश नहीं कर पाया। पूछताछ में चालक ने बताया कि यह शराब पाल्हावास के निकट एक ठेके से भरकर दिल्ली ले जा रहा था। जिस पर पुलिस ने टैंपो को शराब सहित कब्जे में लेकर आरोपी चालक के खिलाफ थाना रोडहाई में एक्साइज एक्ट के तहत मामला दर्ज करके आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश करके पूछताछ के लिए दो दिन के पुलिस रिमांड लिया है। संवाद