संवाद न्यूज एजेंसी
धारूहेड़ा (रेवाड़ी)। क्षेत्र के एक गांव में सोमवार को पूजा कर लौट रही युवती को अगवा कर उसके साथ दुष्कर्म करने के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपी पीड़िता के घर के पास का ही रहने वाला है। मामले में तीन अन्य आरोपी हैं जिनकी तलाश में पुलिस जुटी है। पीड़िता ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया था कि वह धारूहेड़ा क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली है। सोमवार सुबह 10 बजे वह मंदिर में पूजा कर मां के साथ लौट रही थी। रास्ते में एक कार में आए दो युवकों ने मां को धक्का देकर उसे जबरन गाड़ी में बैठा लिया। कुछ आगे चलकर 2 और युवक कार में सवार हो गए। युवकों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। टी शर्ट पहना दी। उसे अनजान जगह ले गए, जहां चारों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। उसे कार में डालकर खैरथल में मातोर रोड स्थित होटल में ले आए। यहां होटल मालिक व लोगों के टोकने पर आरोपी युवक भाग गए। सूचना पर परिवार के लोग धारूहेड़ा पुलिस के साथ खैरथल के होटल पहुंचे। जांच अधिकारी प्रमिला ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। तीन आरोपियों की भी जल्द गिरफ्तारी कर ली जाएगी। पुलिस ने इस मामले में एक नामजद समेत कुल 4 आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था।