कोसली। हरियाणा एनएसयूआई के अध्यक्ष अविनाश यादव की अध्यक्षता में अग्निपथ योजना निरस्त कर पुरानी स्थायी सेना भर्ती व्यवस्था लागू करवाने के लिए मार्च निकाला गया। उन्होंने रक्षामंत्री को पत्र लिखकर योजना को वापस लेने की मांग की।
अविनाश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार ने यह योजना लागू करके 1.5 लाख युवाओं को नौकरी से वंचित कर उनके साथ धोखा किया है। इसे सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार अग्निपथ योजना को खत्म कर सेना में नियमित भर्ती शुरू करे। यह योजना न तो देश की सेना के हित में है, न देश के हित में है और न ही देश के युवाओं के हित में है। इस अवसर पर प्रशांत यादव विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष युवा कांग्रेस, ओमप्रकाश डाबला प्रदेश प्रवक्ता, भूपेंद्र मुरलीपुर, मोहित यादव उपाध्यक्ष लीगल सेल हरियाणा, ललित यादव, गुलशन यादव, बालकृष्ण अंबेडकर, जीतू यादव, कुशल, मोनू कोसलिया, रामू किसान, नीरज पटवारी, प्रवीण, अलेक्स राव, मनीष, अमन, अंकित, राहुल यादव व अन्य युवा उपस्थित रहे।
इंसेट
फौज में कांट्रेक्ट की नौकरी कभी नहीं सुनी गई : अविनाश
अविनाश यादव ने कहा कि फौज में कांट्रेक्ट की नौकरी आज से पहले कभी नहीं सुनी गई। इस तरह की मांग ना तो फौज की ओर से आई और न ही देश के युवाओं ने मांग की थी। देशभर में अग्निपथ योजना को समाप्त करने की लड़ाई लड़ेंगे। कांग्रेस पार्टी का जय जवान अभियान देश के युवाओं के साथ हुए अन्याय के खिलाफ न्याय की लड़ाई है। अविनाश ने कहा कि 2014 में प्रधानमंत्री ने रेवाड़ी में वन रैंक-वन पेंशन की घोषणा की थी, लेकिन सरकार बनने के बाद नो रैंक-नो पेंशन वाली अग्निपथ योजना ले आए। इस फैसले के दुष्परिणाम एक-एक करके सामने आ रहे हैं।