कोसली। कोसली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम की सुविधा शुरू कर दी गई है। एसएमओ डॉ. जयपाल ने बताया कि नागरिक अस्पताल कोसली में शुरू की गई पोस्टमार्टम और शवग्रह के कार्य के लिए स्वास्थ्य कर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। डॉ. जयपाल ने सभी कर्मचारियों को आदेश दिए कि अपनी ड्यूटी निर्वहन करने में कोई भी कोताही नहीं बरतें।
वहीं नागरिक अस्पताल कोसली में पोस्टमार्टम और शवग्रह कार्य शाखा के ऑलओवर इंचार्ज चिकित्सा अधिकारी डॉ. नरेंद्र यादव ने बताया कि फार्मेसी अधिकारी रिवराज, वार्ड सर्वेंट सुधीर और विशाल की टीम के साथ मिलकर इस कार्य को करेंगे। उन्होंने बताया कि पोस्टमार्टम व शवग्रह का कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को आपातकालीन स्थिति में नागरिक अस्पताल रेवाड़ी में जाने की बजाय नागरिक अस्पताल कोसली में ही सुविधा का लाभ मिल सकेगा।
इन गांवों के लोगों को मिलेगी सुविधा
कोसली के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम की सुविधा न होने के कारण लोगों को रेवाड़ी के नागरिक अस्पताल में जाना पड़ता था। जहां लोगों को सफ़र की परेशानी के साथ ही घंटों इंतजार करना पड़ता था। अब नागरिक अस्पताल कोसली में पोस्टमार्टम की सुविधा उपलब्ध होने पर कोसली थाना के साथ ही नहाड़ चौकी के अन्तर्गत आने वाले 46 गांवों को सुविधा होगी। इससे लोगों की परेशानी भी कम होगी और समय भी कम लगेगा।