संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर की नई अनाज मंडी में स्थित अटल मजदूर किसान कैंटीन में नवंबर माह से 30 रुपये में मिल रहा भोजन अब दोबारा 10 रुपये में मिलेगा। सरकार की ओर से नवंबर माह में सब्सिडी बंद कर दी गई थी इसलिए यहां काम करने वाली महिलाओं को आर्थिक संकट झेलना पड़ रहा था। जिस कारण 11 में से दो महिलाएं काम छोड़ कर चली गई थी। सरकार ने 15 मार्च से दोबारा कैंटीन में सब्सिडी देनी शुरू कर दी है। इसके बाद यह कैंटीन दोबारा शुरू कर दी गई है, जिससे अनाज मंडी में आने वाले किसानों और मजदूरों को काफी लाभ मिल रहा है।
कैंटीन संचालिका कुसुमलता ने बताया कि सरकार की ओर से 15 मार्च से दोबारा सब्सिडी देने का ऐलान कर दिया गया है। अब अटल किसान-मजदूर कैंटीन में किसानों और मजदूरों को 10 रुपये प्रति थाली के हिसाब से भोजन दिया जाएगा, इसमें 15 रुपये प्रति थाली का खर्च हरियाणा राज्य विपणन बोर्ड वहन करेगी।
इलेक्ट्रॉनिक बिलिंग मशीनें भी लगाई
इस कैंटीन में प्रतिदिन 300 थाली की व्यवस्था रहती है। वहीं कैंटीन में गैस बर्नर, चिमनी, फ्रीज, पीने का पानी, सीसीटीवी कैमरे तथा इलेक्ट्रॉनिक बिलिंग मशीन जैसी सुविधाएं प्रदान की गई हैं। इसमें हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (एचएसआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा उत्तम क्वालिटी का पौष्टिक भोजन उपलब्ध करवाया जाता है। भोजन में तवा चपाती, चावल, फ्राइड दाल, मौसमी सब्जी और पीने का पानी शामिल है। रसोई की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवाए गए हैं। लेनदेन में पारदर्शिता रखने के लिए इलेक्ट्रॉनिक बिलिंग मशीनें भी स्थापित की जा रही हैं।
रसोई का जिम्मा संभालती हैं स्वयं सहायता समूह की महिलाएं
हरियाणा राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन रेवाड़ी ग्रामीण विकास विभाग हरियाणा के तत्वावधान में स्वयं सहायता समूहों की ओर से बनाए गए नया सवेरा महिला महासंघ की सदस्यों द्वारा अटल किसान-मजदूर कैंटीन संचालित की जाती है। किसान अटल कैंटीन शुरू होने से किसान-मजदूर को सस्ता एवं शुद्ध खाना मिलता है। इसके साथ ही स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार भी उपलब्ध होता है। नया सवेरा महिला क्लस्टर की कुसुमलता, अनिल, सुशीला, सुनीता, आरती, अनिता, कमला, सुनीता देवी व संगीता फिलहाल रसोई की जिम्मेदारी संभाल रही हैं। कैंटीन का समय सुबह 11 बजे से तीन बजे तक रखा गया है।