कोसली। क्षेत्र के एक गांव निवासी विवाहिता ने अपने पति सहित पांच लोगों पर दहेज के लिए परेशान करने व उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करने का केस दर्ज करवाया है।
पुलिस को दी शिकायत में गांव झाल निवासी एक महिला ने बताया कि उसके पिता का देहांत हो चुका है। उसकी मां ने अपनी हैसियत के अनुसार शादी में उपहार स्वरूप सामान देकर 12 नवम्बर 2019 को जिला अलवर के एक गांव निवासी युवक के साथ शादी की थी। शादी के बाद से ही उसे उसके ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान करने लगे। गांव के मौजिज लोगों की उपस्थित में दहेज के लिए परेशान न करने की बात कहकर पति महिला को बावल ले गया। इसके बाद वह वहां हर रोज शराब पीकर पिटाई करने लगा। उसकी अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। पुलिस ने महिला की शिकायत पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।