रेवाडी। सहकारिता एवं जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री डॉ. बनवारी लाल ने शनिवार को बावल स्थित अपने निवास स्थान पर अधिकारियों के साथ बैठक की। बैठक में जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग और पंचायती राज से कार्यकारी अभियंता मौजूद रहे। डॉ. बनवारी लाल ने कहा कि अधिकारी सुनिश्चित करे कि उनके विभाग में लंबित कार्य 31 मार्च तक हर हाल में सम्पन्न हो।
सहकारिता मंत्री ने रामपुरा तालाब में व्याप्त गंदगी पर कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि तालाब की गंदगी के अधिक प्रवाह की वजह से तालाब आमजन को असुविधा तो होती ही है साथ ही कई तरह की बीमारियों के फैलने की संभावना बनी रहती है। नागरिकों को स्वच्छ माहौल उपलब्ध कराना सरकरार की प्राथमिकता है इसलिए रामपुरा तालाब की समस्या का स्थाई समाधान जल्द से जल्द हो जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि हर घर जल से नल योजना के तहत 2024 तक प्रत्येक घर तक स्वच्छ जल उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है और इस दिशा में अधिकारियों को निर्देश है कि वे लक्ष्य पूर्ति हेतु हरसंभव प्रयास करे, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जिले के विकास के लिए पूर्णत: प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को सभी लंबित कार्य 31 मार्च माह तक पूरा करने के कड़े निर्देश भी दिए। इस अवसर पर भाजपा मंडल अध्यक्ष अमरजीत सिंह, पंचायती राज कार्यकारी अभियंता व जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी कार्यकारी अभियंता सहित अन्य उपस्थित रहे।