संवाद न्यूज एजेंसी
रेवाड़ी। शहर के नागरिक अस्पताल में मरीजों को पूरी दवाइयां नहीं मिल रही हैं। हर रोज अस्पताल में करीब एक हजार मरीज इलाज के लिए आ रहे हैं, जिनमें खांसी, जुकाम व बुखार के मरीजों की संख्या अधिक हैं। ऐसे में आम जनमानस को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया नहीं हो पा रही हैं। अस्पताल में आने वाले मरीजों को छोटी से छोटी बीमारियों की दवाइयां भी बाहर से खरीदनी पड़ती है। दवाओं के अभाव के कारण मरीजों को बाहर के मेडिकल स्टोर से महंगे भाव में दवा खरीदनी पड़ी रही है। बड़ी बात यह है कि सामान्य बीमारी की दवाओं का अभाव है तो गंभीर बीमारियों की दवाएं यहां कैसे उपलब्ध होती होगी। नागरिक अस्पताल में एंटीबायोटिक और एलर्जी के पांच इंजेक्शन नहीं है। यहीं नहीं अस्पताल में विटामिन-सी, दर्द, बुखार, चक्कर, एंटीबायोटिक गोली, थाइराइड, बीपी व खांसी की सिरप नहीं है।
नागरिक अस्पताल में रोजाना लगभग 1000 मरीजों की ओपीडी दर्ज होती है। ठंड में इजाफा होने से इन दिनों खांसी-जुकाम और बुखार के मरीजों की तादाद बढ़ती जा रही है। मरीजों को उपचार के लिए डॉक्टर ओपीडी स्लिप पर दवाएं लिखते हैं। लेकिन मरीजों को नागरिक अस्पताल की डिस्पेंसरी से आधी-अधूरी दवाएं ही दी जाती हैं।