रेवाड़ी। सूचना, जनसंपर्क, भाषा और संस्कृति विभाग हरियाणा की ओर से वीरवार 7 मार्च को सुबह 11 बजे शहर के किशनलाल पब्लिक कॉलेज सेमिनार हॉल में संगीत कार्यक्रम और व्याख्यान का आयोजन होगा। कार्यक्रम में सुप्रसिद्ध वीणा वादक पं. सुभाष चंद्र घोष की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम में बेहतरीन प्रस्तुति दी जाएगी। जिला सूचना और जनसंपर्क अधिकारी दिनेश कुमार ने बताया कि हिंदुस्तानी शास्त्रीय संगीत की धुनों की संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन विभाग समेत जिला प्रशासन की ओर से 7 मार्च को किया जा रहा है, जिसमें सुरों की महफिल सजेगी और पंडित सुभाष चंद्र घोष की टीम अपनी प्रस्तुति देगी। उन्होंने बताया कि इस म्युजिकल इवेंट में वाद्ययंत्र नवस्वर रागिनी की धुन से श्रोताओं को मंत्रमुग्ध किया जाएगा। इसके साथ ही तबला वादक रजनीश धीमान, सुरेश शर्मा व अक्षय कौशल भी अपनी कला का जौहर बिखेरेंगे। डीआईपीआरओ ने कहा कि शास्त्रीय संगीत देश की समृद्ध संस्कृति का महत्वपूर्ण हिस्सा है। आजादी के अमृत महोत्सव के उपलक्ष्य में केंद्र व प्रदेश सरकार की ओर से हर विधा व हर क्षेत्र में विभिन्न गतिविधियों और कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।