रेवाड़ी। ट्रक की चपेट में आने से महिला की मौत के मामले में आरोपी वाहन चालक की पहचान हो गई है।
मॉडल टाउन थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी ड्राइवर को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। ट्रक के नंबर प्लेट से पहले उसके मालिक का पता लगाया गया। नंबर प्लेट राजस्थान की है। इसके बाद ड्राइवर की पहचान की गई है। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है। मौके पर ट्रक चालक भागने में कामयाब हो गया था। वहीं महिला की पहचान गांव शहबाजपुर खालसा निवासी पिंकी (44) के रूप में हुई थी।
पिंकी के परिवार में सास और पति के अलावा दो बेटियां और एक बेटा है। बेटी की शादी हो चुकी है। बता दें कि हादसा 2 मार्च की दोपहर गढ़ी बोलनी रोड स्थित कर्मचारी कॉलोनी के पास हुआ था। गांव शहबाजपुर खालसा निवासी पिंकी बेटी के साथ स्कूटी से शहर आई थी। दोपहर को दोनों स्कूटर से घर शहबाजपुर खालसा जा रहीं थीं। कर्मचारी कॉलोनी के पास ही एक ट्रक ने स्कूटी को टक्कर मार दी। इससे स्कूटी चला रही बेटी सड़क के एक तरफ और पिंकी दूसरी तरफ ट्रक की चपेट में आ गई थीं। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पिंकी की बेटी स्कूटी चला रही थी। लोगों ने किसी तरह से बेटी को उठाकर सड़क के किनारे बिठाया। जब होश आया तो उसने देखा कि मां ट्रक के पहिये के नीचे आ चुकी है। यह देखते ही बेटी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।
इंसेट
हादसे के बाद सुनाई दी जोरदार आवाज
घटनास्थल के पास एक दुकान मालिक शहबाजपुर खालसा गांव निवासी प्रदीप ने बताया कि हादसे के बाद तेज आवाज सुनाई दी। प्रदीप के अलावा आसपास के लोग बाहर आए। स्कूटर को ट्रक के नीचे से निकाला गया। हादसे में गंभीर रूप से घायल पिंकी को अस्पताल ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इंसेट
दुर्घटना का सीसीटीवी फुटेज भी आया सामने
हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि लड़की स्कूटी चला रही थी। तभी ट्रक चालक पीछे से आया। इस दौरान लड़की को संभलने का मौका नहीं मिला। स्कूटी अनियंत्रित हो गई। इससे वह स्कूटी लेकर गिर गई। इस दौरान स्कूटी के पीछे बैठी पिंकी ट्रक के पिछले पहिये के नीचे आ गई और उसकी मौत हो गई।
वर्जन
शिकायत के आधार पर ट्रक ड्राइवर के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले में तफ्तीश जारी है।-अजीत सिंह, जांच अधिकारी,