संवाद न्यूज़ एजेंसी
रेवाड़ी। माजरा श्योराज के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में 12वीं कक्षा की एक छात्रा ने शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर जान दी थी। अब मृतक छात्रा के गांव की 50 से अधिक छात्राओं ने स्कूल में जाने से इन्कार कर दिया है।
छात्राओं का कहना है कि स्कूल में वे स्वयं को सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रही हैं। विभिन्न गांवों के छात्र-छात्राओं के अभिभावकों का कहना है कि वे वीरवार को इस मामले में डीसी से मुलाकात करेंगे।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल माजरा श्योराज में 12वीं कक्षा की छात्रा ने शिक्षक पर प्रताड़ना का आरोप लगाकर आत्महत्या कर ली थी। आरोपी शिक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया था।
मामले में प्रिंसिपल को भी आरोपी बनाया गया है, लेकिन अभी तक उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। वहीं स्कूल की छात्राओं का आरोप है कि अध्यापकों की ओर से उन पर लगातार दबाव बनाया जा रहा है, जिससे वे स्कूल जाने से कतराने लगी हैं।