रेवाड़ी। धरने पर बैठे व्यापारी। संवाद
बावल। शनिवार को बाजार में मनी ट्रांसफर करने वाले दशरथ की दुकान से हुई लूट के आरोपियों को अभी तक गिरफ्तार नहीं करने पर बावल के कटला बाजार में व्यापारियों ने एक बैठक आयोजित की। इस दौरान आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने की मांग उठाई गई।
मिली जानकारी के अनुसार बीते शनिवार को छोटू राम चौक पर कस्बे के वार्ड नंबर 5 निवासी दशरथ कुमार की दुकान से अज्ञात तीन लोगों ने रिवाॅल्वर दिखाकर एक लाख रुपये लूट लिए थे। घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई थी। घटना की शिकायत बावल थाने में दी गई थी। पुलिस ने मौके पर मामला दर्ज कर लिया था और जांच शुरू कर दी थी। लोगों ने बताया कि तीन दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक आरोपियों को नहीं पकड़ पाने के कारण व्यापारियों में रोष व्याप्त है। इसी को लेकर सोमवार को कटला बाजार में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता लाल जैलदार ने की और सभी लोगों ने आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करने की मांग उठाई।
मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी लाजपत ने बताया जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सीआईए की टीम लगी है। स्थानीय पुलिस के साथ-साथ अन्य लोगों की मदद ली जा रही है। जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस जल्द से जल्द उन्हें पकड़ने के लिए प्रयास कर रही है। इस अवसर पर किसान नेता रामकिशन, वीरेंद्र सिंह एडवोकेट, हरीश, ईश्वर महलावत, विक्की चौधरी, नरेश, कुलदीप सहित अन्य दुकानदार मौजूद रहे।